प्रियंका गांधी ने संभल जिले में हुई एक आपराधिक घटना का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री को लिखा है कि एक बार पुनः इस घटना के माध्यम से पूरे प्रदेश में कानून-व्यवस्था की लचर स्थिति की तरफ आपका ध्यान आकृष्ट करना चाहती हूँ।
संभल जिले के चंदौसी में रहने वाले राम औतार शर्मा जी इफ्को किसान सेवा केंद्र से सेवानिवृत्त थे और गाँव बिचेटा चौराहे पर एक खाद की दुकान चलाते थे। 30 जुलाई 2020 की शाम को दुकान से वापस जाते वक्त बदमाशों ने औतार शर्मा जी व उनके बेटे पर गोली चलाई व उनके पैसे लूट लिए। इस घटना में रामौतार शर्मा की मृत्यु हो गई और उनके बच्चे बाल-बाल बचे। इस घटना से पूरे क्षेत्र में रोष व्याप्त है।
प्रियंका गांधी ने पत्र में मांग की है कि जल्द से जल्द अपराधियों को पकड़ कर रामौतार शर्मा के परिवार को न्याय दिलाया जाए साथ ही साथ रामौतार शर्मा के परिवार के लिए आर्थिक मदद की भी प्रदेश सरकार घोषणा करें।
उन्होंने पत्र में लिखा है कि बढ़ती अपराध की घटनाओं से यूपी में भय का माहौल है। आम जन, महिलाएँ, बच्चे, व्यापारी इत्यादि डर के साये में हैं। उन्होंने पत्र में कानून व्यवस्था को ठीक करने और आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गुजारिश की है।