उर्स में कव्वालों को सम्मान, अमन-चैन की मांगी दुआ
लखनऊ। हजरत कासिम शहीद बाबा के तीन दिवसीय सालाना उर्स का समापन गुस्ल, कुल और प्रदेश में अमन-चैन की दुआओं के साथ बृहस्पतिवार हुआ। समापन समारोह में कव्वाली में उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाली 11 कव्वाल पार्टियों को नकद पुरस्कार दिया गया।
उर्स के अंतिम दिन प्रदेश के राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी, विधायक रविदास मेहरोत्रा, सरोजनीनगर डॉ. विधायक राजेश्वर सिंह के प्रतिनिधि केएन सिंह समेत कई जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने दरगाह पर चादर चढ़ाकर दुआ की।सुबह गुस्ल व कुल के बाद सज्जादानशीन जुबैर अहमद खान के नेतृत्व में हजारों जायरीन ने प्रदेश की खुशहाली और भाईचारे की दुआ मांगी। इसके बाद तबर्रुक वितरित किया गया। दरगाह कमेटी के सज्जादानशीन जुबैर अहमद खान ने बताया कि इस मौके पर कव्वाल ताज (झांसी), अरशद हुसैन चिश्ती (लखनऊ), मेहदी हसन ताज (नागपुर), इखलाक दीवाना, लतीफ अजमेरी (कानपुर), गुलाम अली वारसी (देवा शरीफ), जाफर नियाजी, मोहम्मद निसार (लखनऊ), अरमान अली खां (दिल्ली), अमान चिश्ती (देवा) समेत 11 कव्वाल पार्टियों को सम्मानित किया गया।