सीएम योगी ने किया था सड़कें गड्ढामुक्त करने का वादा
- फोटो : amar ujala
15 जून तक शत-प्रतिशत सड़कों को दुरुस्त करने के लक्ष्य को हासिल कर पाने से पीडब्ल्यूडी ने हाथ खड़े कर दिए हैं। उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में भी यह बता दिया गया है कि इसके लिए जरूरी बजट विभाग के पास उपलब्ध नहीं है।
पीडब्ल्यूडी को सभी सड़कें चलने लायक बनाने के लिए 4500 करोड़ रुपये की जरूरत है, जबकि वर्तमान में उसके पास इस मद में मात्र 1250 करोड़ रुपये ही है। इसमें से एक हजार करोड़ रुपये विभिन्न जिलों को जारी किए जा चुके हैं।
योगी सरकार ने प्रदेश की सभी सड़कों को 15 जून तक गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए हैं। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी विभागीय अफसरों को इस आदेश का कड़ाई से पालन करने को कहा है, पर मौजूदा उपलब्ध संसाधन कुछ और ही स्थिति बयां कर रहे हैं।
पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों का कहना है कि वे उन सभी सड़कों को चलने लायक बना देंगे, जहां सिर्फ पैच मरम्मत की जरूरत है।
41,608 किमी लंबी सड़कों की परत पूरी तरह उधड़ी
इसके अलावा 41,608 किलोमीटर लंबी ऐसी सड़कें हैं, जिनकी ऊपरी परत पूरी तरह से उधड़ चुकी है। इन्हें ठीक करने के लिए गड्ढे भरने के साथ-साथ ऊपरी सतह पर लेपन की भी जरूरत है। इनमें से 13 हजार किलोमीटर से ज्यादा लंबी सड़कें तो एक से डेढ़ किलोमीटर तक की लंबाई में उधड़ी हुई हैं।
इसलिए जहां सामान्य और विशेष मरम्मत के साथ-साथ नवीनीकरण (ऊपरी सतह पर लेपन) की जरूरत है, उनको बजट मिलने से पहले पूरी तरह से नहीं सुधारा जा सकता।
यही वजह है कि लक्ष्य पूरा करने के लिए मात्र पांच दिन का वक्त बचा है, पर सामान्य व विशेष मरम्मत के साथ 41,608 किलोमीटर लंबी सड़कों में से 25671 किलोमीटर सड़कें ही ठीक की जा सकी हैं। इनमें भी सिर्फ गड्ढे ही भरे गए हैं, ऊपरी सतह खराब ही है।
पीडब्ल्यूडी के एक अधिकारी ने बताया कि ठेकेदार भी बिना बजट मिले इतना ज्यादा काम करने को तैयार नहीं हैं। पूरी स्थिति से आला अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।
ये कहते हैं यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का कहना है कि उपलब्ध संसाधनों और विरासत में बिगड़े मिले वातावरण में भी हमने सभी जिलों में बेहतर काम किया है। उससे पहले रहीं सपा-बसपा की सरकारों में सड़कों के लिए मिली राशि की बंदरबांट ही होती थी। बिहार में होने के कारण अभी सड़कों के गड्ढामुक्त अभियान के आंकड़े मेरे सामने नहीं हैं, बजट को देखते हुए जो भी कमी रह जाएगी, उसे भी जल्द ही सुधार लिया जाएगा।
पीडब्ल्यूडी को 15 जून तक दिया गया लक्ष्य (किमी में)--लक्ष्य--हासिल (9 जून तक)
पैच मरम्मत--44333.58--43000
सामान्य मरम्मत के साथ नवीनीकरण--28457.05--13890
विशेष मरम्मत के साथ नवीनीकरण--13151.36--2047
(नोट : 9 जून की शाम पांच बजे तक स्थिति)