गोमतीनगर से चलाई जाएंगी ट्रेनें
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। वीआईपी ट्रेन पुष्पक एक्सप्रेस का ठिकाना 26 जनवरी से बदल जाएगा। ट्रेन लखनऊ जंक्शन की जगह गोमतीनगर स्टेशन से चलाई जाएगी। हालांकि ट्रेन ऐशबाग में रुकेगी या नहीं, इसे लेकर अभी निर्णय नहीं हो सका है। ऐसे ही छपरा लखनऊ जंक्शन भी गोमतीनगर से चलेगी।
लखनऊ से मुंबई जाने वाली पुष्पक एक्सप्रेस पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन से रात 9:25 बजे चलती है। लेकिन गोमतीनगर में शिफ्ट होने के बाद यह ट्रेन रात 8:45 बजे रवाना होगी। स्टेशन बदलने की वजह से लखनऊ जंक्शन से मुंबई की जो दूरी 1428 किमी थी, वह बढ़कर 1441 किमी हो जाएगी। हालांकि इसका असर किराये पर नहीं पड़ेगा। गाड़ी संख्या 12533 पुष्पक एक्सप्रेस 26 जनवरी से गोमतीनगर से रात पौने नौ बजे चलकर बादशाहनगर से रात 8:55 बजे होते हुए दूसरे दिन मुंबई रात पौने ग्यारह बजे पहुंचेगी। वापसी में 12534 पुष्पक एक्सप्रेस मुंबई से सुबह 8:25 बजे चलकर दूसरे दिन बादशाहनगर से सुबह 7:35 बजे होते हुए गोमतीनगर सुबह आठ बजे पहुंचेगी। इसी तरह 15053 छपरा-लखनऊ जं. एक्सप्रेस 26 जनवरी से छपरा से शाम 7:35 बजे चलकर दूसरे दिन गोमतीनगर सुबह 7:55 बजे पहुंचेगी। वापसी में 15054 लखनऊ जं.-छपरा एक्सप्रेस गोमतीनगर से रात पौने दस बजे चलकर दूसरे दिन छपरा सुबह 11:20 बजे पहुंचेगी।