लखनऊ। जगदगुरु शंकराचार्य पुरी पीठाधीश्वर के शिष्य आशियाना के सेक्टर एच निवासी शिवांश नारायण पांडेय ने अज्ञात फोनकर्ता पर तथाकथित संत रामपाल को लेकर उन्हें धमकाने का आरोप लगाया है। आरोपी पर उन्हें 40 बार कॉल करने का आरोप है। शुक्रवार को आशियाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
शिवांश के मुताबिक वह हिंदू फ्रंट फॉर जस्टिस संस्था के जिला संयोजक व आह्वान धर्म रक्षार्थ सेवा समिति के अध्यक्ष भी हैं। कुछ समय पहले उन्होंने हिंदू विरोधी गतिविधियों के चलते तथाकथित संत रामपाल के खिलाफ हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी। आरोप है कि इस बात को लेकर बीते 21 जुलाई की रात उनके पास अनजान नंबर से कॉल आई। फोन उठाने पर युवक ने खुद को आगरा का निवासी बताया। उसने संत रामपाल का विरोध करने का कारण पूछते हुए गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। विरोध पर आरोपी ने शिवांश को हत्या करने की धमकी दी। आरोप है कि फिर आरोपी रात से लेकर अगले दिन सुबह 11:30 बजे तक उन्हें 40 बार अलग-अलग नंबरों से कॉल करता रहा। इस कारण वह बुरी तरह से डर गए। शिवांश ने शुक्रवार को थाने में शिकायत की। इंस्पेक्टर छत्रपाल सिंह के मुताबिक जिन नंबर से शिवांश को कॉल की गई है। उनका ब्योरा निकाला जा रहा है। मामले की विवेचना दरोगा संतोष कुमार कर रहे हैं। साक्ष्य जुटाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।