यूपी डीजीपी ओ पी सिंह व यूपी एटीएस के आईजी असीम अरुण।
- फोटो : amar ujala
उत्तर प्रदेश के डीजीपी ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि डाटा ब्रीच सिर्फ एक राज्य या देश की समस्या नहीं है बल्कि पूरे विश्व की समस्या है। साइबर सुरक्षा के लिए भी कोड ऑफ कंडक्ट व प्रोटोकाल होने चाहिए।
शनिवार को यूपी एटीएस के गोमतीनगर स्थित कार्यालय पर बने साइबर मंथन हाल (साइबर ट्रेनिंग फैसिलिटी) का लोकार्पण और सोशल मीडिया डाटा ब्रीच स्कैंडल विषय पर आयोजित संगोष्ठी का उद्घाटन करते हुए डीजीपी ने कहा कि साइबर स्पेस में रिस्क फैक्टर अधिक है। बहुत सारे एप ऐसे हैं जो आपका डाटा साझा करते हैं। इसके लिए एप की ऑडिटिंग जरूरी है।
साइबर स्पेस में विभिन्न टूल और प्लेटफार्म का इस्तेमाल किस तरह किया जाए, इसके लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में साइबर क्राइम से निपटने के लिए जल्द ही नई व्यवस्था लागू की जाएगी।
उन्होंने बताया कि एडीजी या आईजी साइबर क्राइम का पद सृजित करते हुए प्रदेश के दो साइबर थानों को साइबर अपराध रोकने के लिए और प्रभावी बनाया जाएगा। इससे पहले आईजी एटीएस असीम अरुण ने कहा कि साइबर ट्रेनिंग फैसिलिटी में जिलों के अधिकारियों को भी ट्रेंड किया जाएगा और समय-समय पर इस तरह की कार्यशाला का आयोजन होता रहेगा।