व्यापारियों के विरोध प्रदर्शन में पहुंची केंद्रीय मंत्री रीता बहुगुणा जोशी।
- फोटो : amar ujala
ज्वैलरी शोरूम में डकैती व हत्या की वारदात से भड़के आलमबाग सराफा व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने एकजुट होकर लखनऊ के सारे सराफा बाजार बंद करवा दिए हैं। व्यापारियों ने डकैतों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए सड़क जामकर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया है। आक्रोशित व्यापारी पुलिस मुर्दाबाद के नारे लगा रहे हैं। वहीं, लखनऊ व्यापार मंडल उपाध्यक्ष पवन मनोचा का कहना है कि व्यापारियों के साथ आए दिन कोई न कोई घटना होती रहती है। पुलिस प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं करता बल्कि अपनी नाकामियां छिपाने के लिए केवल डंडे पीटा करता है। व्यापारियों ने ये भी कहा कि मृतक गुड्डू पटवा के घरवालों को उचित आर्थक सहायता दी जाएगी। आक्रोशित व्यापारियों से बात करने के लिए यूपी की कैबिनेट मंत्री रीता बहुगुणा जोशी पहुंचीं और उनसे बातचीत की।
बंद व प्रदर्शन में अमीनाबाद, आलमबाग, कृष्णानगर व चौक के व्यापारी शामिल हैं। शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे बैखौफ बदमाशों ने आलमबाग सराफा बाजार में आरके ज्वैलर्स के शोरूम में दो लोगों की हत्या कर लाखों के जेवरात लूट लिए थे।
बाइक से आए 5-6 बदमाश गोलियां बरसाते हुए शोरूम में घुसे। मालिक राजीव कुमार गुप्ता व कारीगर गुड्डू पटवा को गोली मारकर शोकेस में रखे जेवरात ले गए।
मालिक राजीव का लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है उनकी हालत नाजुक बनी हुई हैं। उन्हें दो गोलियां मारी गईं। लूटपाट कर रहे बदमाशों को पास में स्थित एक निजी बैंक के एटीएम गार्ड देशराज ने रोकने की कोशिश की तो उसे भी गोलियों से भून दिया। वारदात में कारीगर व गार्ड की मौत हो गई।