प्रसपा के कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
- फोटो : amar ujala
सरदार भगत सिंह की जयंती पर प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) छात्रसभा ने सोमवार को सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) छात्रसभा कार्यकर्ताओं की धरना प्रदर्शन पर लाठीचार्ज और गिरफ्तारी हुई।
शहीदे आजम भगत सिंह की जयंती पर प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) ने सोमवार को विपक्ष के रुप मे अपनी ताकत दिखाने के लिए विभिन्न मुद्दों पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने की घोषणा की थी। कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री से मिलने की घोषणा की थी। इसको देखते हुए पुलिस ने जगह-जगह बेरिकेडिंग भी की थी। रोके जाने पर कार्यकर्ताओं ने उग्र प्रदर्शन किया। इस पर पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज भी किया।
लाठीचार्ज पर पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल यादव ने ट्वीटर पर प्रतिक्रिया दी और कहा कि जुल्म और अत्याचार के खिलाफ प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) कभी नहीं झुकेगी। सतत संघर्ष जारी रहेगा... । शिवपाल यादव ने आगे कहा कि, लोकतंत्र में सांकेतिक विरोध प्रदर्शन का अधिकार सभी को है, यही लोकतंत्र की ताकत है, बड़ी सी बड़ी समस्याओं को बातचीत के द्वारा हल किया जा सकता है, राजनीतिक प्रक्रियाओं के दमन और लाठीचार्ज के लिए लोकतंत्र में कोई जगह नहीं है।
पुलिस ने पार्टी के बौद्धिक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक मिश्रा, महिला सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अर्चना राठौर, छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश यादव और छात्र सभा के प्रदेश महासचिव संजय यादव डंपी, जिला अध्यक्ष रविंद्र प्रताप यादव रवि, प्रदेश महासचिव सत्यजीत सिंह अतवारा, प्रदेश महासचिव विनोद मिश्रा, छात्र सभा के प्रदेश महासचिव मुलायम यादव सनी, छात्र सभा प्रदेश सचिव विवेक सिंह तन्हा और प्रवक्ता अजय त्रिपाठी मुन्ना सहित प्रदेश के विभिन्न जिला अध्यक्ष और राष्ट्रीय अध्यक्षों ने बड़ी संख्या में गिरफ्तारी दी।