पुलिस भर्ती 2013 की बहाली की मांग को लेकर सोमवार को बड़ी संख्या में अभ्यर्थी सड़क पर उतर आए। पुलिस भर्ती बोर्ड दफ्तर के सामने प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर पुलिस ने लाठी चार्ज किया, जिसमें कई अभ्यर्थी घायल हो गए।
सोमवार सुबह सैकड़ों अभ्यर्थियों ने बापू भवन के पास स्थित पुलिस भर्ती बोर्ड दफ्तर का घेराव कर लिया। इनकी मांग थी कि 2013 की भर्ती प्रक्रिया को बहाल किया जाए। इसके तहत 8000 आरक्षी पदों पर बहाली रुकी है।
सड़क पर लगता जाम देख पुलिस ने उन्हें हटाने का प्रयास किया लेकिन वे नहीं माने। इस पर पुलिस ने उन पर लाठी चार्ज किया और पानी भी फेंका। हालात बिगड़ते देख कई थानों की पुलिस बुला ली गई।
पुलिस से झड़प के दौरान कई प्रदर्शनकारी घायल भी हो गए। करीब पांच घंटे चले इस हंगामे के दौरान हुसैनगंज चौराहे तक लंबा जाम लगा रहा। तेज धूप में लोगों को काफी दिक्कतें हुईं।