इटौंजा थाने में प्रदर्शन करते संगठनोें के लोग
बख्शी का तालाब। बाजारखाला के बिलौजपुरा में कुछ युवकों ने रविवार को बिरयानी दुकानदार रिजवान को प्रतिबंधित मांस ले जाने का आरोप लगाते हुए पीट दिया था। मामले में रिजवान की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर भी दर्ज की थी। आरोपियों पर एफआईआर के विरोध में सोमवार को दो संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया। इटौंजा थाने में करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद दोनों संगठनों ने पुलिस को शिकायती पत्र भी सौंपा। वहीं, अन्य संगठनों के विरोध जताने की आशंका को लेकर इटौंजा के साथ ही बीकेटी थाने में पीएसी तैनात रही।
प्रदर्शन कर रहे हिंदू युवा वाहिनी के पूर्व जिला प्रभारी विमल परमार ने शिकायती पत्र देते हुए कहा कि करीब 50 किलो कथित प्रतिबंधित मांस को रविवार को पकड़ा गया था। रिजवान के साथ उसके साथी भी थे, जो भाग गए थे। लोगों ने रिजवान को पकड़ लिया। इस पर पुलिस ने उल्टा उन्हीं लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर ली। आरोप है कि महोना में यह कारोबार चल रहा है। इसकी जांच की जानी चाहिए। वहीं, बजरंग दल के जिला संयोजक रोहित सिंह और महामंत्री सोमनाथ प्रताप सिंह ने भी इस घटना को लेकर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान दोनों संगठनों के करीब 150 कार्यकर्ता मौजूद रहे। एडिशनल इंस्पेक्टर इटौंजा विनोद कुमार यादव ने बताया कि रविवार होने के कारण मांस का सैंपल लैब भेजा नहीं जा सका था। इसलिए सोमवार को सैंपल मथुरा स्थित लैब भेजा गया है। पुलिस ने मामले की तफ्तीश कर रही है। जांच रिपोर्ट आने पर स्थिति साफ हो सकेगी।
इटौंजा थाने में प्रदर्शन करते संगठनोें के लोग