लखनऊ। जानकीपुरम विस्तार में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर बने अटल चौराहे पर लगी उनकी कविताओं का शिलापट जयंती से पहले तोड़ने से नाराज जानकीपुरम विस्तार आवासीय महासमिति की पदाधिकारियों ने रविवार को करीब तीन घंटे तक धरना दिया। तोड़े गए शिलापट के टुकड़े हाथों में लेकर कविता पाठ किया। इसमें विधायक योगेश शुक्ला भी शामिल हुए। एलडीए के अफसर ने समझाया तो धरना समाप्त हुआ।
जानकीपुरम विस्तार संयुक्त कल्याण महासमिति के महामंत्री विनय कृष्ण पांडेय ने बताया कि पूरा देश की पूर्व प्रधानमंत्री की जयंती मना रहा है तब अटल चौक पर लगे कविता के शिलापट को तोड़ा गया, जो गलत है। एलडीए के मुख्य अभियंता अवनींद्र सिंह व अपर सचिव सीपी त्रिपाठी पहुंचे तो पदाधिकारियों ने उन्हें ज्ञापन दिया। एलडीए के मुख्य अभियंता ने बताया कि चौराहे को पहले से बेहतर बनाया जाना है। कविताओं का शिलापट भी लगेगा। 25 दिसंबर के आयोजन के लिए सफाई कराई जाएगी।