लखनऊ में प्रवेश के सात बिंदु हैं। देर रात को इन पर नो एंट्री से अक्सर जाम लगता है। वहीं, हादसे भी होते हैं। इन्हें रोकने के लिए एंट्री प्वाइंट पर भारी वाहनों के लिए पार्किंग का इंतजाम किया जाएगा, ताकि ये वाहन हाईवे पर खड़े न हों। कमिश्नरेट लखनऊ ने इस योजना का प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जल्द इसे मंजूरी मिल जाएगी।
शहर में प्रवेश करने के लिए सात महत्वपूर्ण रास्ते हैं। इन पर सुबह 06 से रात के 11 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित है। एंट्री बंद होते ही भारी वाहन सड़कों के किनारे और बीच में डिवाइडर से सटकर खड़े हो जाते हैं। इससे जहां जाम लगता है तो हादसे भी होतेे हैं।
इससे निजात पाने के लिए कमिश्नरेट ने करीब एक महीने तक इन रास्तों की लगातार निगरानी की। इसके बाद जाम व हादसों के कारणों की रिपोर्ट बनाई गई। डीसीपी पूर्वी यातायात उपायुक्त चारू निगम ने इसे पुलिस कमिश्नर सुजीत पांडेय को सौंपा। फिर चारू निगम, एडीसीपी दक्षिण यातायात सुरेश चंद्र रावत ने पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर काम करना शुरू किया।
दोनों अधिकारियों ने लोगों को राहत देने के लिए योजना तैयार की। इसके तहत सीतापुर रोड पर बीकेटी, आईआईएम रोड पर काकोरी व मलिहाबाद के बीच, रायबरेली रोड पर मोहनलालगंज, शहीद पथ कानपुर रोड पर बंथरा, सुल्तानपुर रोड पर गोसाईगंज, अयोध्या रोड पर लखनऊ-बाराबंकी सीमा और कुर्सी रोड पर बेहटा में पार्किंग बनाने का प्रस्ताव दिया। इन सातों स्थानों पर 3600 से अधिक भारी वाहनों के खड़े करने के इंतजाम किए गए हैं।
हाईवे पर लगातार होगी मॉनिटरिंग
पुलिस उपायुक्त यातायात के मुताबिक पार्किंग बनाने के लिए जमीन भी तलाशी जा रही है। इन पर भारी वाहन खड़े करने से हाईवे पूरा खाली रहेगा। नो एंट्री खुलने के समय यहां से वाहन क्रमवार निकलेंगे, जिससे जाम भी नहीं लगेगा। विशेष ध्यान रखा जाएगा कि भारी वाहन एक लेन में ही निकलें, ताकि अन्य वाहनों के आवागमन पर इससे असर न पड़े।
इसके लिए पुलिस की टीम लगातार हाईवे पर मॉनिटरिंग भी करेगी। पार्किंग के लिए सरकारी जमीन तलाशी जा रही है, जिससे उन्हें अधिग्रहीत करने में आसानी हो। वहीं, नई योजना में जो प्रस्ताव रखा गया है, उसमें ट्रांसपोर्ट नगर को किसान पथ के पास रिंग रोड या अमौसी मोहान रोड पर शिफ्ट करने की बात कही गई है।
ऐसी बनाई गई है योजना
हाईवे यहां बनेगी पार्किंग वाहनों की क्षमता
सीतापुर रोड बीकेटी 600
आईआईएम रोड काकोरी/मलिहाबाद 500
शहीद पथ बंथरा 700
कानपुर रोड
रायबरेली रोड मोहनलालगंज 500
सुल्तानपुर रोड गोसाईंगंज 500
अयोध्या रोड लखनऊ-बाराबंकी सीमा 500
कुर्सी रोड बेहटा 300