जनेश्वर मिश्र पार्क में बड़े समारोह आयोजित किए जाने का भविष्य में इंतजाम होगा। पार्क में बैंक्वेट एरिया बनेगा। एक विशाल ओपन किचन भी होगा। पार्क को शहीद पथ से जोड़ने के लिए तटबंध पर छह किलोमीटर लंबी सड़क बनेगी।
इसके अलावा पार्क में दो मेगावॉट क्षमता का सोलर फार्म बनाए जाने की योजना है। साथ ही पहाड़ी वादियों जैसे हर ओर धुंध का आभास कराने के लिए फॉग जोन बनाया जाएगा।
मगर इन ख्वाहिशों को पूरा करने के लिए एलडीए के पास धन नहीं है। नए कामों को लेकर एलडीए ने शासन से धन की मांग की है। पार्क के 28 प्रोजेक्ट्स लंबित हैं। इनको लेकर एलडीए को शासन से धन की दरकार है। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार सिंह ने इस संबंध में प्रमुख सचिव आवास को पत्र लिख कर जल्द से जल्द वित्तीय पूर्ति करने की मांग की है।
ताकि, परियोजनाओं को अमली जामा पहनाया जा सके। प्राधिकरण ने जनेश्वर मिश्र पार्क का फेज-1 पूरा कर दिया है। इसमें करीब 300 करोड़ रुपये से अधिक का खर्च हुआ है। मगर अब अगले फेज की परियोजनाओं के लिए धन की आवश्यकता एलडीए को है। ये डिमांड लेटर एलडीए की ओर से जारी कर दिया गया है।