लखनऊ। अलीगंज इलाके के रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर की बाराबंकी के कुर्सी इलाके में बीती रात गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतक की पत्नी ने पति के चार पार्टनरों पर हत्या का शक जताते हुए केस दर्ज कराया है। पुलिस चारों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
बाराबंकी के एएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार रात 11 बजे कुर्सी इलाके में किसान पथ पर लखनऊ के बख्शी का तालाब जाने वाली सर्विस लेन पर लखनऊ के अलीगंज सेक्टर एन निवासी प्रॉपर्टी डीलर अतुल पांडेय (35) खून से लथपथ पड़े मिले। पुलिस ने अतुल को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अतुल की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई थी।
घटनास्थल पर मिली अतुल की कार के नंबर की मदद से पुलिस ने उनकी पहचान कर परिजनों को सूचना दी। इस पर अतुल के पिता कपिलदेव पांडेय व घरवाले वहां पहुंच गए। छानबीन के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस को कार से अतुल का मोबाइल फोन, नमकीन का पैकेट, पानी की बोतल और पर्स मिला है। कपिलदेव ने पुलिस को बताया कि अतुल बृहस्पतिवार दोपहर तीन बजे कार लेकर घर से निकले थे। मृतक की पत्नी सोनम ने पति के पार्टनर गुडंबा निवासी सत्येंद्र सोनी, कुर्सी निवासी माज, यामीन व एक अन्य पर हत्या का संदेह जताते हुए केस दर्ज कराया है।
एएसपी का कहना है कि नामजद चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एक आरोपी की शर्ट पर खून लगा मिला है। अभी इस बात का पता नहीं चल सका है कि अतुल की हत्या किन कारणों के चलते की गई। आशंका है कि आपसी विवाद या नशा हत्या की वजह हो सकती है। जांच की जा रही है।