लखनऊ। सिविल कोर्ट में पैरवी करने पहुंचे वजीरगंज स्थित डॉ. बीएन वर्मा रोड निवासी अंकित प्रकाश श्रीवास्तव को प्रॉपर्टी डीलर मो. रईस खान और दो अधिवक्ताओं ने बंधक बना लिया। आरोपियों ने उनसे डिजिटल माध्यम से एक लाख रुपये वसूल लिए। मंगलवार को पीड़ित ने वजीरगंज थाने में तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
अंकित ने बताया कि अमौसी एयरपोर्ट के पास उनकी जमीन को लेकर चचेरे भाई से विवाद चल रहा है। इस मामले की सुनवाई 15 जुलाई को सिविल कोर्ट में थी। वह दोपहर 12 बजे कोर्ट पहुंचे, जहां अमाैसी निवासी रईस खान, अधिवक्ता एएम फरीदी और आदिल फरीदी ने उन्हें रोका। आरोपियों ने जमीन बेचने का दबाव डाला और गाली-गलौज की। रईस ने बताया कि उसने पार्टी से जमीन के लिए पांच लाख रुपये एडवांस लिए थे, जो वह खर्च कर चुका है। बात न मानने पर आरोपियों ने उन्हें बंधकर बनाकर पीटा। आरोपियों ने उनकी जेब से तीन हजार रुपये और मोबाइल भी लूट लिया। जबरन एक लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए गए।
सादे पेपर पर कराए हस्ताक्षर
अंकित के अनुसार, आरोपियों ने कई सादे कागजों और स्टांप पेपरों पर जबरन हस्ताक्षर कराए। उन्होंने उनका वीडियो भी बनाया, जिसमें दो लाख रुपये का चेक अगले दिन और तीन लाख रुपये का चेक डेढ़-दो महीने बाद देने की बात कहलवाई गई। वह डर के कारण तुरंत पुलिस के पास नहीं गए। मंगलवार को उन्होंने वजीरगंज थाने में तहरीर दी। इंस्पेक्टर राजेश त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्य संकलन के बाद गिरफ्तारी की जाएगी।