प्रेमिका को कॉल कर प्रॉपर्टी डीलर ने दी जान
लखनऊ। बीबीडी थानाक्षेत्र के तिवारीगंज तुलसी विहार में रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर अंकित सिंह (27) ने प्रेमिका को कॉल कर घर पर फंदा लगा लिया। सुसाइड नोट में उन्होंने खुद को मौत का जिम्मेदार बताया है।
इंस्पेक्टर अजय नारायण सिंह ने बताया कि मूलरूप से अयोध्या के महाराजगंज दलपतपुर निवासी अंकित प्रताप सिंह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने के साथ ही प्रॉपर्टी डीलिंग का काम भी करते थे। उनका एक महिला से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। बृहस्पतिवार शाम चार बजे उन्होंने प्रेमिका को फोन कर बताया कि वह आत्महत्या करने जा रहे हैं। प्रेमिका कुछ ही देर में उनके घर पहुंची तो अंकित का शव पंखे में मफलर के सहारे लटका मिला।
सुसाइड नोट में खुद को बताया मौत का जिम्मेदार
सुसाइड नोट में उन्होंने खुद को अपनी मौत का जिम्मेदार बताते हुए किसी को दोषी न ठहराने की बात लिखी थी। फॉरेंसिक टीम ने सुसाइड नोट और अंकित के मोबाइल को कब्जे में ले लिया है। खबर पाकर उनके परिजन भी पहुंच गए। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर अयोध्या चले गए। इंस्पेक्टर का कहना है कि घरवालों ने न तो कोई आरोप लगाया है और न ही कोई तहरीर दी है।