फिल्म सोनाली केबल के लीड एक्टर्स रिया चक्रवर्ती, राघव जुयाल और अली फजल ने अमर उजाला टीम के साथ शेयर की ढेर सारी बातें। फिल्म की स्टारकास्ट शनिवार को राजधानी में फिल्म के प्रमोशन के लिए मौजूद थी।
फिल्म की कहानी के बारे में स्टाकास्ट ने बताया कि ये एक रीयल स्टोरी से इंस्पायर्ड है। इस फिल्म की कहानी का मंत्र है कि कभी किसी को कम नहीं समझना चाहिए क्योंकि सही कोशिश से कोई भी विनर बन सकता है।
फिल्म में राघव इस बात को कहते भी सुनाई देंगे, ‘एक चींटी भी हाथी को डिस्को करा सकती है बस इसे सही जगह घुसना चाहिए’।
अली मिस करते हैं लखनऊ का खाना
फिल्म के लीड एक्टर अली फजल का लखनऊ से पुरानी जान-पहचान है। लखनऊ उनका ननिहाल है।
वह यहां पढ़े और बड़े हुए हैं। उन्होंने बताया कि वह लखनऊ का नाम आते ही सबसे ज्यादा घर का खाना मिस करते हैं।
अली ने बताया कि फिल्म में वह रघु पवार का रोल प्ले कर रहे हैं और ये काफी चैलेंजिंग कैरेक्टर है।
सिक्स पैक बनाने के सवाल पर उन्होंने बताया कि इंडस्ट्री में वैसे ही बहुत सुपर हीरो हैं। बॉडी बनाने से आपको एक टाइप के ही रोल मिलते हैं। इसलिए उनका फोकस फिलहाल बॉडी बिल्डिंग पर नहीं है।
मराठी सीखने में रिया को आई मुश्किल
रिया ने बताया कि फिल्म के लिए उन्हें मराठी सीखनी पड़ी। उन्हें इसके लिए आठ-आठ घंटे प्रैक्टिस करनी पड़ती थी।
फिल्म में अपने किरदार के बारे में रिया ने बताया कि रीयल लाइफ में भी वह सोनाली की तरह जिद्दी और पागल सी हैं।
रिया ने बताया कि वह कभी-कभी गालियां भी देती हैं क्योंकि मुंबई में काम निकलवाने के लिए गाली-गलौज पर विश्वास करना जरूरी है।
अब राघव के घर वाले कहते हैं, ‘नाच’
डीआईडी फेम ‘किंग ऑफ स्लो मोशन’ राघव जुयाल फिल्म में सदा का रोल प्ले कर रहे हैं। वह फिल्म में एक पॉजिटिव कैरेक्टर प्ले कर रहे हैं जो हमेशा पॉजिटिव सोचता है।
राघव ने बताया कि डांस ने उनकी जिंदगी बदल दी। पहले घरवाले उन्हें हमेशा पढ़ाई के लिए कहते रहते थे। अब वे उनसे कहते हैं, ‘जी भरकर नाच’।