मुख्य सचिव राजेन्द्र कुमार तिवारी ने गंगा नदी को प्रदूषण से बचाने के लिए गंगा नदी के आसपास के क्षेत्रों में किसी भी तरह का सॉलिड व अन्य वेस्ट की डम्पिंग करने पर रोक लगाने तथा पुराने जमा कचरों को साफ किए जाने का निर्देश दिया है। उन्होंने गंगा नदी सटे चिन्ह्ति 25 जिलों में बायो-डायवर्सिटी पार्क की स्थापना का कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा कराने का निर्देश दिया है।
मुख्य सचिव ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) द्वारा पारित आदेशों के अनुपालन के लिए शासन स्तर से निर्गत निर्देशों पर अमल की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने एनजीटी द्वारा पारित आदेशों के क्रम में जारी निर्देशों का अनुपालन तेजी से करने को कहा है। उन्होंने निर्देशित किया कि आदेशों का समय से अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित वरिष्ठ अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाए। तिवारी ने बकाया कार्यों को समय से पूर्ण कराने के लिए समय-सारिणी बनाकर नियमित अनुश्रवण करने और लम्बित प्रस्तावों पर एनएमसीजी के अधिकारियों से समन्वय कर जल्द से जल्द अनुमोदन प्राप्त करने का निर्देश दिया है।
बैठक में अपर मुख्य सचिव कृषि देवेश चतुर्वेदी, प्रमुख सचिव पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन सुधीर गर्ग, सचिव नगर विकास अनुराग यादव आदि उपस्थित थे। बैठक का संचालन व प्रस्तुतीकरण यूपी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव आशीष तिवारी ने किया।