लखनऊ। एनबीआरआई में विज्ञान महोत्सव के दूसरे व आखिरी दिन बृहस्पतिवार की शुरुआत संस्थान के संस्थापक प्रो. कैलाश नाथ कौल को श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। संस्थान के निदेशक डॉ. अजित कुमार शासनी ने कहा, एनबीआरआई आज जिस नींव पर खड़ा है उसका निर्माण प्रो. कौल के विचारों से हुआ है। पद्मभूषण प्रो. कैलाश नाथ कौल महान भारतीय वनस्पतिशास्त्री, प्रकृतिप्रेमी और सफल कृषि वैज्ञानिक थे।
मुख्य अतिथि आईआईएससी बेंगलुरु के पूर्व निदेशक पद्म विभूषण प्रो. पद्मनाभन बलराम ने कहा, कोरोना संक्रमण से पैदा हुई महामारी और इससे निपटने के जज्बे ने पूरी दुनिया को एकजुट किया। प्रो. बलराम ने शोध छात्रों से रसायन विज्ञान की ही तरह जीव विज्ञान का अध्ययन करने का आग्रह किया। महोत्सव के दौरान 200 शोधार्थियों के बीच यहां डिजिटल फोटोग्राफी, मौखिक व्याख्यान, पोस्टर प्रस्तुतियों आदि की प्रतियोगिता हुई।