राजधानी लखनऊ स्थित बाबा साहब भीमराव अंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय में प्रोफेसर नरेंद्र कुमार को नया डीएसडब्ल्यू (डीन स्टूडेंट वेलफेयर) नियुक्त किया गया है। उन्हें प्रोफेसर बीएस भदौरिया को हटाकर ये जिम्मेदारी दी गई है।
इसके पहले विश्वविद्यालय के कार्यवाहक कुलपति प्रो. नील मणि प्रसाद (एनएमपी) वर्मा को भी पद से हटा दिया गया है। गौरतलब है कि वह इसी माह सेवानिवृत्त हो रहे हैं। विश्वविद्यालय के ही प्रो. शिव कुमार द्विवेदी को नियमित कुलपति की नियुक्ति न होने तक कार्यवाहक कुलपति की जिम्मेदारी दी गई है।
बीते छह महीने से प्रशासनिक अंर्तकलह से जूझ रहा बीबीएयू
बीबीएयू बीते छह माह से भी अधिक समय से प्रशासनिक अंर्तकलह से जूझ रहा है। इसकी वजह से छात्र-छात्राओं से लेकर प्रशासनिक स्तर तक के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। कार्यवाहक कुलपति प्रो. एनएमपी वर्मा अपने निर्णयों को लेकर चर्चा में थे। जिसमें कुलसचिव के निलंबन से लेकर अन्य फैसले शामिल रहे हैं। इसके चलते उनकी किरकिरी भी हो रही थी।
शिक्षा मंत्रालय के सचिव प्रवीर सिंह ने पत्र जारी करते हुए जानकारी दी कि भारत की राष्ट्रपति ने विवि की विजिटर होने की हैसियत से पर्यावरण विभाग के प्रो. एसके द्विवेदी को कार्यवाहक कुलपति पद पर नियुक्ति करने के प्रस्ताव को मंजूरी देती हैं। यह आदेश नियमित कुलपति की नियुक्ति होने अथवा उनकी सेवानिवृत्ति 31 अगस्त 2025 तक प्रभावी रहेगा। मंत्रालय ने प्रो. द्विवेदी के चार्ज लिए जाने संबंधी जानकारी भेजे जाने के निर्देश दिए हैं।