फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रियंका गांधी ने योगी को लिखा पत्र, यूपी में अपहरण उद्योग बना और हत्याएं रोज की बात, लगाम लगाएं

Sat, 01 Aug 2020 01:34 PM IST
ishwar ashish न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने यूपी में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है। पत्र में प्रियंका गांधी ने लिखा कि यूपी में अपहरण एक उद्योग बन चुका है और हत्या रोज की घटनाएं हैं। दिनदहाड़े हो रही घटनाओं से लोग दहशत में हैं।

विज्ञापन


प्रियंका ने मुख्यमंत्री को लिखा कि पिछले दिनों मैंने एक पत्र के माध्यम से प्रदेश में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं की तरफ आपका ध्यान आकृष्ट कराने की कोशिश की थी। दिन दहाड़े आम लोगों के साथ घट रही आपराधिक घटनाओं के चलते प्रदेश के आमजनों के मन में एक डर का भाव बैठ गया है। यूपी में क्राइम और कोरोना दोनों बेलगाम हो चुके हैं।

प्रियंका ने कहा कि मैंने लोगों को कहते सुना है कि यूपी में अपहरण एक उद्योग बन चुका है और हत्या एक रोजनामचा। लूट एवं बलात्कार की घटनाओं से प्रदेश दहल उठा है। यह सब सिर्फ एक चीज की तरफ इशारा करता है कि किसी न किसी कारण अपराधी बेखौफ हैं और शासन-प्रशासन का इकबाल खत्म हो गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

संभल की घटना का किया जिक्र

प्रियंका गांधी ने संभल जिले में हुई एक आपराधिक घटना का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री को लिखा है कि एक बार पुनः इस घटना के माध्यम से पूरे प्रदेश में कानून-व्यवस्था की लचर स्थिति की तरफ आपका ध्यान आकृष्ट करना चाहती हूँ।

संभल जिले के चंदौसी में रहने वाले राम औतार शर्मा जी इफ्को किसान सेवा केंद्र से सेवानिवृत्त थे और गाँव बिचेटा चौराहे पर एक खाद की दुकान चलाते थे। 30 जुलाई 2020 की शाम को दुकान से वापस जाते वक्त बदमाशों ने औतार शर्मा जी व उनके बेटे पर गोली चलाई व उनके पैसे लूट लिए। इस घटना में रामौतार शर्मा की मृत्यु हो गई और उनके बच्चे बाल-बाल बचे। इस घटना से पूरे क्षेत्र में रोष व्याप्त है।

प्रियंका गांधी ने पत्र में मांग की है कि जल्द से जल्द अपराधियों को पकड़ कर रामौतार शर्मा के परिवार को न्याय दिलाया जाए साथ ही साथ रामौतार शर्मा के परिवार के लिए आर्थिक मदद की भी प्रदेश सरकार घोषणा करें।

उन्होंने पत्र में लिखा है कि बढ़ती अपराध की घटनाओं से यूपी में भय का माहौल है। आम जन, महिलाएँ, बच्चे, व्यापारी इत्यादि डर के साये में हैं। उन्होंने पत्र में कानून व्यवस्था को ठीक करने और आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गुजारिश की है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें