यह पूछने पर कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े इन मुददों की क्या ग्रामीण क्षेत्रों में प्रासंगिकता होगी, जहां बड़ी तादाद में मतदाता हैं? योगी ने कहा कि समाज का हर वर्ग विकास, सुशासन और राष्ट्रवाद जैसे मुददों पर जागरूक है।
बालाकोट एयर स्ट्राइक ने क्या अयोध्या के राम मंदिर मुद्दे को पीछे छोड़ दिया है? पर योगी ने कहा कि देश का बच्चा-बच्चा भगवान राम के महत्व को जानता है और उन्हें अपना आदर्श मानता है।
योगी ने कहा कि देश की जनता को अहसास हो गया कि जो बातें कांग्रेस, सपा, बसपा, राजद और तृणमूल कांग्रेस जैसे दलों के लिए असंभव थीं। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में संभव हो गयीं। उन्होंने कहा, 'जो पहले नामुमकिन था, वह आज मुमकिन है। मोदी है तो मुमकिन है।'
योगी ने कहा कि हमें विश्वास है कि भाजपा 'पीएम के नाम और काम' की बदौलत लोकसभा चुनावों में देश भर में जबर्दस्त विजय पताका फहराएगी। उन्होंने कहा कि 2014 के चुनाव में मोदी का 'नाम' था। अब 2019 में 'नाम' और 'काम' दोनों हैं।
योगी ने विश्वास जताया कि भाजपा इस बार उत्तर प्रदेश में 74 से अधिक सीटों पर विजय हासिल करेगी। 2014 में भाजपा ने 71 व सहयोगी अपना दल ने दो सीटें जीती थीं।
इस सवाल पर कि राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ के हाल के विधानसभा चुनाव में मतदाताओं ने भाजपा का समर्थन क्यों नहीं किया पर योगी ने कहा कि जिन राज्यों में कोई पार्टी लंबे समय से सत्ता में रहती है तो कुछ सत्ता विरोधी कारक सामने आते हैं।
योगी ने कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा की वोट हिस्सेदारी बढ़ी है। प्रतिकूलताओं के बावजूद पार्टी ने राजस्थान में अच्छा प्रदर्शन किया। तीनों राज्यों में लोकसभा चुनाव में हम बेहतर प्रदर्शन करेंगे क्यों विधानसभा चुनाव स्थानीय मुद्दों पर लड़े जाते हैं जबकि लोकसभा चुनाव पूरे देश का चुनाव होता है।