प्रियंका ने एक सवाल के जवाब में कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को क्या पता कि वह 14 साल की उम्र से व्रत रख रही हैं। मुझे अपने धर्म के लिए योगी के सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है। कुछ समय पहले सीएम ने अयोध्या में कहा था कि विपक्ष के नेता आज मंदिर में जाकर माथा टेक रहे हैं। अगर दुबारा हमारी सरकार बनी तो यह कारसेवा करते दिखेंगे।
प्रियंका ने कहा कि अब केंद्र में भाजपा की सरकार बने 7 साल हो चुके हैं, इसलिए विकास कार्यों के लिए उन्हें कांग्रेस के 70 सालों के बजाय अपने कामों पर बात करनी चाहिए। यह पूछे जाने पर कि क्या कांग्रेस की सरकार बनने पर महिला को मुख्यमंत्री पद देंगी, प्रियंका ने कहा कि अभी इस बारे में कुछ नहीं कह सकती। लेकिन, अगर ऐसी स्थिति बनी तो यह हो भी सकता है। उन्होंने कहा कि महिलाएं सशक्त होने के लिए अपना वोट किसे दें, यह स्वयं तय करने की स्थिति में हैं।
जल्द ही जारी करूंगी पहली लिस्ट
प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस की 100 प्रत्याशियों की पहली सूची तैयार है। इनमें से 60 महिलाएं हैं। वह जल्द ही यह सूची मीडिया में जारी करेंगी।