एक ओर स्कूली बच्चों संग नुक्कड़ नाटक देखतीं प्रियंका चोपड़ा तो दूसरी ओर उनकी एक झलक पाने के लिए बाहर लगी भीड़। यह नजारा सोमवार को शहर के उन सरकारी स्कूलों व आंगनबाड़ी केंद्रों पर दिखा, जहां यूनिसेफ की गुडविल एंबेस्डर अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा के कदम पड़े। सद्भभावना का संदेश लेकर नवाबी नगरी पहुंचीं प्रियंका ने सोमवार को पूरा दिन स्कूली बच्चों व 1090 की महिला कॉलटेकर्स के बीच बिताया।
दो दिवसीय यात्रा के पहले दिन प्रियंका चोपड़ा औरंगाबाद के बेसिक स्कूल पहुंचीं। उन्होंने बच्चों के बीच जमीन पर बैठकर नुक्कड़ नाटक ‘चुप्पी तोड़ो खुलकर बोलो’ देखा। इसमें बच्चों ने छेड़छाड़, महिला उत्पीड़न, सामाजिक हिंसा आदि के खिलाफ आवाज बुलंद करने का संदेश दिया।
प्रियंका ने बच्चों से आईबीटी यानी इंट्रोडक्शन टू बेसिक टेक्नोलॉजी के तहत नवाचारों के बारे में पूछा। छात्रा ममता ने दृष्टिहीनों के लिए तैयार विशेष जूतों के बारे में बताया, जिसे प्रियंका ने सराहा।
अलिशा ने अपनी सोलर कार के बारे में जानकारी दी। बच्चों ने ब्लड ग्रुप की जांच प्रक्रिया के साथ साधारण तरीके से पानी साफ करने का भी डेमो दिया। इस पर प्रियंका ने कहा, मुझे खुशी है कि तकनीक दूर-दराज के गांवों तक पहुंच रही है। आज लड़के किचन का काम देख रहे हैं तो लड़कियां तकनीकी रूप से एक्सपर्ट हो रही हैं। लिंग आधारित भेदभाव अब खत्म हो रहा है।
छात्रा इशिका अवस्थी ने बताया कि प्रियंका चोपड़ा ने मांगने पर उसे बड़ी सहजता से ऑटोग्राफ दिया। उनसे मिलना किसी सपने के सच होने जैसा लगा। छात्रा अंजलि इस मुलाकात का याद कर भावुक हो उठी। इससे पहले सीडीओ रिया केजरीवाल, एसडीएम सरोजनीनगर सिद्धार्थ कुमार, एसीपी कृष्णा नगर विनय कुमार द्विवेदी और एसएचओ बिजनौर राजकुमार सुबह साढ़े सात बजे से ही स्कूल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था देखने पहुंच गए थे। इस दौरान अभिनेत्री की एक झलक के लिए भीड़ लगी रही। हालांकि, अभिनेत्री कार्यक्रम के बाद स्कूल परिसर से ही गाड़ी में बैठकर निकल गईं।
प्रियंका के विरोध में लगे पोस्टर
समतामूलक चौराहे से ताज होटल की ओर जाने वाली सड़कों पर प्रियंका चोपड़ा के विरोध में पोस्टर लगे मिले। इनमें प्रियंका चोपड़ा यू ऑर नॉट वेलकम इन द सिटी ऑफ नवाब लिखा हुआ था। पोस्टर लगवाने वाले फिल्म डायरेक्टर विपिन अग्निहोत्री और उनकी टीम का कहना है कि प्रियंका की टेलीविजन सीरीज ‘क्वांटिको’ में हिंदुओं को आतंकवादी के रूप में दिखाने का विरोध जताया गया है।
सुरक्षा में लगी सेंध
सोमवार शाम को वह 1090 पहुंची। जहां उनकी सुरक्षा में सेंध लग गई। उनसे मिलने के लिए एक युवक दीवार फांद कर अंदर घुस गया। पुलिस उसे पकड़कर गीतापल्ली ले गई।