लखनऊ के विभूतिखंड में वैवाहिक समारोह से वापस आ रहे निजी सिक्योरिटी गार्ड प्रशांत तिवारी (29) की शहीद पथ पर सड़क हादसे में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां उपचार के दौरान उसकी सांसें टूट गईं।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम कराने भेज दिया गया। मृतक की आंखों को दान किया गया है। विभूतिखंड पुलिस के मुताबिक, रायबरेली के गुरुबख्शगंज का मूल निवासी प्रशांत (29) मां सीमा व छोटी बहन अन्नू के साथ बंथरा में चौहान ढाबे के पास रहता था।
रविवार सुबह वैवाहिक समारोह से घर जाते समय शहीद पथ पर प्रशांत की बाइक बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को लोहिया अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मां सीमा ने बेटे की ख्वाहिश के मुताबिक, नेत्रदान करते हुए बताया कि तीन भाई बहनों में वह अकेला था। मां आंखों में आंसू लिए बेटे के गम में टूटी जा रही थी। उसने रोते हुए बताया कि बड़ी बहन रूबी की शादी के बाद वह छोटी अन्नू की शादी की तैयारी कर रहा था। ईश्वर ने उसे बुला लिया। उसकी शादी का सपना अधूरा रह गया।