सूबे में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामले को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वाइन फ्लू की जांच प्राइवेट पैथोलॉजी से मुफ्त कराएगी।
इसके लिए सरकार शीघ्र ही प्राइवेट लैब से करार करेगी। यह कदम जिला अस्पतालों में स्वाइन फ्लू की जांच की सुविधा न होने के कारण उठाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अभी स्वाइन फ्लू की जांच की सुविधा प्रदेश के 12 राजकीय मेडिकल कॉलेजों में ही उपलब्ध है।
प्रदेश में स्वाइन फ्लू के तेजी से बढ़ रहे मामलों को देख स्वास्थ्य विभाग व चिकित्सा शिक्षा विभाग के मंत्रियों ने शनिवार को एक हाई पावर ज्वाइंट मीटिंग की।
इसमें दोनों विभागों के अफसरों को बुलाया गया। योजना भवन में हुई इस बैठक के बाद मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने बताया कि यह बीमारी न फैले इसके प्रयास किए जा रहे हैं। मेडिकल कॉलेजों में बेड की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलों के सीएमओ को अपने-अपने क्षेत्र में स्वाइन फ्लू जिन क्षेत्रों में फैला है वहां की मैपिंग कराने के निर्देश दिए हैं। मैपिंग होने के बाद इन इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी।
मंत्री ने खासतौर पर मेरठ व गाजियाबाद की मैपिंग तत्काल कराने के निर्देश दिए हैं। इन इलाकों में संयुक्त निदेशक स्तर के डॉक्टर जाएंगे और वहां की व्यवस्थाओं पर नजर रखेंगे।