मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी के निर्देश पर 21 जून को राजधानी लखनऊ में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसमें एक साथ 50 हजार से अधिक लोग योगाभ्यास के लिए जुटेंगे।
मुख्यमंत्री के विशेष अनुरोध पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इसमें हिस्सेदारी की सहमति जता दी है। पीएम के आगमन की जानकारी पुख्ता होते ही प्रशासनिक अमला आयोजन की तैयारियों में जुट गया है।
जिला प्रशासन ने आयोजन स्थल के रूप में रमाबाई रैली स्थल, स्मृति उपवन पार्क और केडी सिंह बाबू स्टेडियम को चिह्नित कर इसकी सूची अंतिम अनुमोदन के लिए पीएमओ भेजी है।