राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस महीने प्रदेश के दौरे पर आ सकते हैं। मुख्यमंत्री की दिल्ली यात्रा के दौरान पीएम के कार्यक्रम पर भी सहमति बन सकती है।
सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को दिल्ली जा रहे हैं। उनका वहां राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने का कार्यक्रम है। कोविंद राष्ट्रपति बनने के बाद पहली बार 14-15 सितंबर को प्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं।
योगी कोविंद से मिलकर प्रदेश आगमन पर सरकार की ओर से नागरिक अभिनंदन के लिए आमंत्रित करेंगे। साथ ही योगी प्रधानमंत्री मोदी से मिलकर वाराणसी आगमन के लिए आमंत्रित करेंगे। संकेत है कि इस महीने के आखिर तक प्रधानमंत्री का वाराणसी का कार्यक्रम तय हो सकता है। योगी सोमवार को दिल्ली से लौटेंगे।
सूत्रों के अनुसार कोविंद 14 सितंबर को दोपहर बाद लखनऊ पहुंचेंगे। उसी दिन राजधानी में उनका नागरिक अभिनंदन इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में किया जाएगा। सीएम योगी राष्ट्रपति के सम्मान में भोज भी आयोजित कर सकते हैं।
15 सितंबर को राष्ट्रपति के कानपुर जाने का कार्यक्रम है। राष्ट्रपति कानपुर से ही दिल्ली लौट जाएंगे। प्रदेश सरकार राष्ट्रपति के गृह क्षेत्र कानपुर देहात और प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में कराए जा रहे विभिन्न कार्यों की प्रगति रिपोर्ट तैयार करा रही है।