लखनऊ में मकान-फ्लैट खरीदना अब सस्ता होगा। ऐसा जीएसटी की दर कम होने के कारण होगा। जीएसटी परिषद की ओर से रविवार को की गई कटौती का असर लखनऊ में आवास विकास परिषद, एलडीए के अलावा निजी बिल्डरों के करीब 20 हजार खाली फ्लैटों पर पड़ेगा। जीएसटी की दर को 12 से घटाकर पांच प्रतिशत कर दिया है, जिसका लाभ खरीदारों को अप्रैल से मिलेगा।
इससे मकान और फ्लैट की कीमत सात प्रतिशत कम हो जाएगी। शहर में आवास विकास के करीब तीन हजार, एलडीए के दो हजार और निजी बिल्डरों के 15 हजार फ्लैट खाली हैं। चार साल से रियल एस्टेट में चल रही मंदी के कारण ये बिक नहीं पा रहे हैं।
दो साल पहले जीएसटी लागू किए जाने से भी मकान और फ्लैट महंगे हुए, जिसका असर इनकी बिक्री पर पड़ा। ऐसे में अपने फ्लैट बेचने को एलडीए और आवास विकास को कीमत कम करनी पड़ी। हालांकि इससे भी बिक्री पर ज्यादा असर नहीं पड़ा।
अब जीएसटी की दर सात प्रतिशत कम होने से खरीदारों के साथ ही उन आवंटियों को भी फायदा मिलेगा, जिनकी किश्तें अभी चल रही हैं।