भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह सोमवार को एक प्रेस कांफ्रेंस में उमा भारती के बयान पर यू टर्न लेते हुए कहा कि केंद्र में भाजपा नेतृत्व वाली एनडीए सरकार बनी, तो किसी भी राज्य सरकार को बर्खास्त नहीं किया जाएगा।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि केंद्र में सरकार बनने के बाद इस तरह का कोई भी असंवैधानिक कदम नहीं उठाया जाएगा।
प्रदेश प्रभारी अमित शाह और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उमा भारती के केंद्र में सरकार बनने के बाद सूबे की मुलायम सिंह यादव सरकार को बर्खास्त कर देने की चेतावनी से उलट राजनाथ ने कहा कि किसी भी निर्वाचित राज्य सरकार को अस्थिर, कमजोर और उसे भंग करना भाजपा की नीति नहीं है।
डॉ. जोशी के देश में मोदी की लहर न होने के सवाल पर राजनाथ ने कहा कि मोदी की लहर व भाजपा की लहर में कोई अंतर नहीं है।
जनता मोदी को ही पीएम देखना चाहती है
लखनऊ से कांग्रेस प्रत्याशी रीता बहुगुणा जोशी की इस बात पर कि देश में मोदी की नहीं बल्कि भाजपा की लहर चल रही है और गुजरात मॉडल को पूरे देश में नहीं लागू किया जा सकता, पर राजनाथ ने पलटवार किया।
राजनाथ ने कहा कि मोदी और भाजपा दो अलग बाते नहीं हैं। मोदी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाने का फैसला भाजपा के संसदीय बोर्ड ने सर्वसम्मति से लिया है।
देश की जनता भी मोदी को ही प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहती है। जहां तक डॉ. जोशी की बात है तो उनकी बात को तोल-मरोड़कर दिखाया जा रहा है।
कहा कि जहां तक गुजरात मॉडल की बात है तो मोदी ने खुद कभी गुजरात मॉडल को पूरे देश में लागू करने की बात नहीं कही है।
पूरे देश में है बदलाव की बयार
राजनाथ ने दावा किया कि वह 12-13 राज्यों में जा चुके हैं। वहां के लोगों से बातचीत करने के बाद यह साफ हो गया है कि देश में परिवर्तन की लहर चल रही है।
जो लोग परिवर्तन चाहते हैं वह भाजपा व एनडीए को वोट देने को तैयार बैठे हैं। कहा कि एनडीए सरकार और अटल के नेतृत्व में छह साल चली सरकार में देश का जितना विकास हुआ, उतना कांग्रेस के 55 सालों में नहीं हुआ।
निवेश का माहौल खत्म हो गया है। लोग यूपीए सरकार की नीतियों से दुखी है। लोग देख रहे हैं कि यूपीए सरकार ने उनके जीवन को किस तरह दुश्वार बनाया है।
जनता को भरोसा हो गया है कि देश के सामने मौजूद चुनौतियों का सामना केवल एनडीए सरकार ही कर सकती है।
देखिए! हमारे चेहरे की हालत क्या हो गई
‘आप लोगों के चेहरे चमक रहे हैं। हमें देखिए। हमारे चेहरे की हालत क्या हो गई है। कैसा लग रहा है। मैं इस सीट का प्रत्याशी हूं। नाम नहीं बताऊंगा, चुनाव चिह्न बताऊंगा।’
राजनाथ सिंह यह कहते हुए सोमवार को यहां पत्रकारों से मुखातिब हुए तो यह साफ हो गया कि वह लखनऊ की चुनावी दुश्वारियों को पूरी तरह समझ चुके हैं।
शायद इसीलिए उन्होंने यह कहते हुए, ‘दो दिन से लखनऊ में हूं। आज भी रहूंगा। कल दो दिन के लिए जम्मू-कश्मीर व बिहार के दौरे पर जाऊंगा।
फिर वापस आऊंगा। बीच-बीच में आता रहूंगा’ उन आरोपों का जवाब देने की कोशिश की जिन में विपक्ष की तरफ से उन्हें जीतने के बाद दोबारा उस क्षेत्र से चुनाव न लडऩे का आरोप लगाया जा रहा है।
अपने नहीं कभी नहीं की राजनीति
राजनाथ ने लखनऊ के लिए अपनी कार्ययोजना का ब्योरा अटल विहारी वाजपेयी के कामकाज के जिक्र से किया।
साथ ही इस बात का भी ध्यान रखा कि राजधानी में वोटों के धु्रवीकरण की स्थिति न बने और जातीय लामबंदी न होने पाए। बताया कि उन्होंने दो दिनों में बहुत से लोगों से मुलाकात की है।
कहा कि वह फिर साफ करना चाहते हैं कि भाजपा या उन्होंने खुद कभी सत्ता के लिए राजनीति नहीं की। देश के लिए राजनीति की। इंसान व इंसानियत के लिए राजनीति की।
राजनाथ ने बताया कि उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वह इस बात का ख्याल किए बगैर कि कौन से वोट मिलेगा और कौन नहीं? एक-एक आदमी के पास जाएं। उससे वोट मांगें।
अटल की याद व लखनऊ से जुड़ाव
लखनऊ में अटल विहारी वाजपेयी द्वारा राजधानी के विकास के लिए कराए गए कामों का जिक्र किया।
साथ ही बताया कि अटल की सरकार में भूतल परिवहन मंत्री के रूप में उन्होंने ही लखनऊ के शहीद पथ का निर्माण शुरू कराया था। राजनाथ ने बताया कि लखनऊ में एक और आउटर रिंग रोड की जरूरत महसूस हो रही है।
केंद्र में सरकार बनी तो वह इस काम को कराएंगे। उन्होंने लखनऊ को आईटी हब बनाने का वादा किया। यह भी बताया कि वह जीते और केंद्र में सरकार बनी तो शहीद पथ के किनारे तथा अन्य स्थानों पर विकास व रोजगार बढ़ाने को बहुत सारे काम किए जाएंगे।
राजनाथ ने कहा कि अटल ने लखनऊ के विकास के लिए जो काम शुरू कराए थे अथवा जिन कामों को सांसद के रूप में लालजी टंडन और महापौर के रूप में डॉ. दिनेश शर्मा ने शुरू कराया।
उन सबको वह राजधानी के सांसद होने के नाते आगे बढ़ाएंगे। कहा कि लखनऊ को लेकर उनके दिमाग में बहुत सारी योजनाएं हैं। वक्त आने पर इन्हें अमली जामा पहनाएंगे।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अटल ने लखनऊ को अंतराष्ट्रीय जगत में पहचान दिलाई। केंद्र में भाजपा व एनडीए सरकार आई तो इस कोशिश को और आगे बढ़ाया जाएगा।