राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के 16 नवंबर के आगमन की तैयारियों का खाका सोमवार को खींच लिया गया। एसएसपी और सेना के अफसरों की मौजूदगी में डीएम राजेश कुमार ने प्लान तैयार किया है।
कड़ी सुरक्षा के लिए 36 मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे। एसएसपी मंजिल सैनी ने हर प्वाइंट पर सख्त सुरक्षा रहने की जानकारी दी। 15-16 नवंबर को बिजली आपूर्ति निरंतर रखने के निर्देश दिए गए हैं। बांकेबिहारी के दर्शन के लिए मंदिर के आसपास राष्ट्रपति की बंदरों से हिफाजत के लिए 10 लंगूर तैनात करने का फैसला किया गया है।
16 नवंबर को अक्षय पात्र स्थित चंद्रोदय मंदिर के कार्यक्रम में पहुंच रहे राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी वृंदावन में ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन को भी जाएंगे।
उन्हें वीआईपी पार्किंग से मंदिर परिसर तक 200 मीटर का रास्ता पैदल ही तय करना होगा। रास्ते में पैदल चलने के दौरान राष्ट्रपति पर बंदरों के संभावित हमले के मद्देनजर लंगूरों की व्यवस्था की जा रही है।
यह सुरक्षा पूर्व की घटनाओं से सबक लेते हुए की जा रही है। वृंदावन में बड़ी संख्या में बंदरों का वास है। यहां बंदर राह चलते व्यक्ति पर हमला बोल देते हैं।
डीएम ने ठाकुर बांके बिहारी मंदिर प्रबंधन को मंदिरों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के आदेश दिए हैं। साथ ही साफ -सफाई के साथ अतिक्रमण हटाकर परिसर को राष्ट्रपति स्तर का व्यवस्थित करने को कहा है।