लखनऊ। निवेश के नाम पर दो दोस्तों को अगवा कर पांच लाख रुपये लूटने के तीन आरोपी कमता चौकी प्रभारी मोहित, सीआरपीएफ दरोगा जय प्रकाश और आनंद दुबे भागे हुए हैं। पुलिस अब इन तीनों पर इनाम घोषित करने की तैयारी कर रही है।
इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा के अनुसार, मोहित की तलाश में उसके गृह जनपद मुजफ्फरनगर में दबिश दी गई पर वह नहीं मिला। जय प्रकाश की तलाश में भी गाजीपुर में दबिश दी गई। आनंद दुबे का सही पता पुलिस के पास नहीं है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जल्द ही इन पर इनाम घोषित किया जा सकता है। इस मामले में गिरफ्तार सिपाही पूर्ण सिंह और उसके साथियों की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है।
यह है पूरी घटना
पीजीआई के तेलीबाग स्थित वृंदावन कॉलोनी निवासी दिवाकर सिंह और अनूप शुक्ला को 10 जून को निवेश के बहाने चिनहट बुलाया गया था। वहां बोलेरो व कार सवारों ने उनका अपहरण किया। असलहे के बल पर उनसे पांच लाख रुपये लूट लिए गए और पिटाई भी की गई। दिवाकर सिंह के भाई प्रभाकर सिंह ने चिनहट थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। पुलिस ने सिपाही पूर्ण सिंह, जावेद हुसैन, आसिफ और प्रवेश त्रिपाठी को गिरफ्तार किया है।