लखनऊ। यूपी टेनिस एसो. के तत्वावधान में होने वाली आईटीएफ जूनियर जे 30 टूर्नामेंट (अंडर-18) की तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है। विजयंत खंड मिनी स्टेडियम के टेनिस एरीना में दो से नौ मई तक होने वाली प्रतियोगिता के लिए 370 खिलाड़ियों ने एंट्री दर्ज कराई है, जिसमें 15 विदेशी खिलाड़ी भी शामिल है।
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए खिलाड़ी 13 अप्रैल तक आवेदन कर सकते हैं। नाम वापसी की आखिरी तिथि 27 अप्रैल होगी। ऐसे में 27 की शाम को प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों की असल संख्या सामने आएगी। प्रतियोगिता के क्वालीफाइंग राउंड में रैंकिंग के आधार पर खिलाड़ियों को खेलने का मौका मिलेगा।
यह राउंड दो और तीन मई को आयोजित होगा। इसके बाद चार मई से मुख्य ड्रॉ के मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता के बालक और बालिका एकल में 32-32 खिलाड़ियों का ड्रॉ बनाया गया है, जबकि युगल वर्ग में 16-16 जोड़ियां आमने-सामने होंगी।
यूपी टेनिस एसोसिएशन के सचिव पुनीत अग्रवाल ने कहा कि लखनऊ में लगातार दूसरे साल आईटीएफ जूनियर जे 30 चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। अभी तक 15 विदेशी खिलाड़ियों का नाम भी इस प्रतियोगिता में शामिल है, लेकिन 27 अप्रैल की शाम को पता चलेगा कि कितने विदेशी खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
उन्होंने कहा कि आठ दिवसीय प्रतियोगिता के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं। इस आयोजन की सफलता के आधार पर हमें भविष्य में और भी बड़ी अंतरराष्ट्रीय टेनिस प्रतियोगिताओं की मेजबानी मिल सकती है।