- गंभीर हालत में लाई गई थी क्वीमेरी, भर्ती होते ही तोड़ा दम
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। काकोरी के निजी अस्पताल से गंभीर हालत में भेजी गई प्रसूता की बृहस्पतिवार दोपहर क्वीन मेरी अस्पताल में इलाज दौरान मौत हो गई। डॉक्टरों का कहना है कि प्रसूता का बीपी व ऑक्सीजन लेवल बेहद कम था। उसे बचाने की कोशिश की गई, लेकिन कामयाब नहीं हुए। परिजनों ने निजी अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
काकोरी बाजार की रहने वाली संजू (25) को प्रसव पीड़ा होने संग उल्टी बुधवार देर शाम शुरू हुई थी। परिजनों ने पहले दवा दी, लेकिन कोई राहत नहीं मिली। हालत बिगड़ती देख उसे काकोरी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने जांच की तो ऑक्सीजन लेवल संग बीपी कम मिला। प्रसूता को ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखकर दवा दी गई, लेकिन कोई राहत नहीं मिली। बृहस्पतिवार सुबह सांस उखड़ती देख अस्पताल प्रशासन ने प्रसूता को क्वीनमेरी अस्पताल रेफर कर दिया। यहां उसे इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, लेकिन देर बाद ही उसकी मौत हो गई। मृतका की मां बिटाना ने निजी अस्पताल पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। नर्सिंग होम के नोडल अफसर डॉ. एपी सिंह का कहना है कि शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी।