प्रधानी चुनाव में वोट न देने से नाराज दबंगों पर गर्भवती महिला ने निवस्त्रकर पीटने का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि स्थानीय पुलिस आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। पीड़िता ने एसपी से न्याय की गुहार लगाई है।
गुरुवार को एसपी को दिये गये प्रार्थना पत्र में महराजगंज तराई थाना क्षेत्र के मजगवां निवासी एक महिला ने कहा है कि बुधवार को वह घर पर अकेली थी। इसी बीच गांव के तीन लोग आए और कहा कि तुमने मेरे मित्र को प्रधानी के चुनाव में वोट नहीं दिया तुम्हें तथा तुम्हारे परिवार का जीना मुहाल कर देंगे।
महिला का आरोप है कि विपक्षियों ने उसे निवस्त्र कर दिया और बदनीयती से मारने-पीटने लगे। उसकी सास तथा देवर ने उन लोगों का विरोध किया तो उन लोगों ने उनको भी जमकर पीटा।
घटना में महिला की सास का हाथ टूट गया है। आरोपी उसके नाक की कील, पैर का पायल तथा घर में रखा जेवर तथा कपड़ा भी उठा ले गए।