मृतक पीआरडी जवान विजय बहादुर राना।
- फोटो : amar ujala
श्रावस्ती जिले के रनियापुर से शुक्रवार देर शाम ड्यूटी के लिए आईटीआई भिनगा आ रहे पीआरडी जवान की बाइक भिनगा जंगल में वन निगम डिपो के पास विद्युत पोल से टकरा गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने उसे संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस की सूचना पर पहुंचे मृतक के परिजनदुर्घटना की आशंका जता रहे हैं।
सिरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम रनियापुर निवासी विजय बहादुर राना (35) पुत्र काली प्रसाद राना पीआरडी में जवान था। जिसकी ड्यूटी मौजूदा समय राजकीय आईटीआई भिनगा में लगी हुई थी। शुक्रवार शाम करीब सात बजे वह मोटरसाइकिल से ड्यूटी के लिए आईटीआई भिनगा आ रहा था। जिसकी मोटरसाइकिल भिनगा जंगल स्थित वन निगम डिपो के पास विद्युत पोल से टकरा गई। इस दौरान राहगीरों की सूचना पर पहुंची भिनगा कोतवाली पुलिस ने उसे एंबुलेंस से संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की सूचना पर पहुंचे मृतक के भाई गोविंद राना का कहना है कि मोटरसाइकिल को देखने से ऐसा प्रतीत होता है कि बाइक को किसी वाहन ने पीछे से ठोकर मारा है। इसके बाद मोटरसाइकिल विद्युत पोल से टकराई है। वहीं इस बारे में प्रभारी निरीक्षक भिनगा महिमा नाथ उपाध्याय का कहना है कि लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चलेगा। उसी के अनुसार आगे कार्रवाई की जाएगी।