धर्मांतरण के आरोपों की जांच होने तक प्रार्थना सभा बंद
लखनऊ। धर्मांतरण का आरोप लगाकर हंगामा करने के मामले में जांच होने तक प्रार्थना सभा बंद कर दी गई है। रविवार को खरगापुर भरवारा एस्टेट में धर्मांतरण का आरोप लगाकर लोगों ने हंगामा किया था। सोमवार को हिंदू संगठन के लोगों ने कार्रवाई नहीं होने पर नाराजगी जताई। इंस्पेक्टर गोमतीनगर विस्तार का कहना है कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है। मामले की जांच होने तक रविवार को होने वाली प्रार्थना सभी पर रोक लगाई गई है।
उधर, मोहल्ले के रहने वाले रितेश मिश्रा का आरोप है कि पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। पुलिस ने रविवार को कुछ लोगों को हिरासत में लिया था, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया। उनका कहना है कि अगर पुलिस कार्रवाई नहीं करेगी तो वह उच्चाधिकारियों से शिकायत करेंगे। वहीं, पुलिस का कहना है कि स्थानीय निवासी राजीव लाल के घर में चर्च बना है, जो पंजीकृत है। वहीं पर प्रार्थना सभा भी होती है। स्थानीय लोगों के गेट के बाहर गाड़ी खड़ी करने के आरोप भी लगे हैं। छानबीन के दौरान चर्च से संबंधित सभी दस्तावेज मिले हैं। अगर धर्मांतरण के साक्ष्य मिलते हैं तो कार्रवाई की जाएगी। सोमवार को हंगामे की आशंका के कारण वहां पर पुलिस और पीएसी मुस्तैद रही। इसके चलते मोहल्ले में सन्नाटा पसरा रहा।