प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व प्रवीण तोगड़िया।
- फोटो : amar ujala
हिंदुस्तान निर्माण दल के अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया ने संकेत दिए हैं कि वह वाराणसी सीट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ सकते हैं। लखनऊ के प्रेस क्लब में मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वाराणसी की जनता और कार्यकर्ता चाहते हैं कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव लडूं। इस पर वार्ता के बाद फैसला लिया जाएगा।
उन्होंने पीएम मोदी और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि, 2014 के चुनाव में जो भी वादे किए गए उनमें से एक भी वादा पूरा नहीं किया गया। हर साल दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा किया गया था, लेकिन कुछ नहीं हुआ। उनके लिए चाय वाला भी चुनावी मुद्दा है। राम मंदिर भी चुनावी मुद्दा है। राष्ट्रवाद भी चुनावी मुद्दा है।
उन्होंने मोदी सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि पिछले 52 महीनों में 1000 सैनिक मारे जा चुके हैं। हर रोज जवानों की शहादत हो रही है जो कि चिंता की बात है।
तोगड़िया ने कहा कि देशभक्ति राष्ट्रवाद से बड़ी होती है। भाजपा का कांग्रेसीकरण हो चुका है। हमने सत्ता में बैठे लोगों से निराश होकर 'हिंदुस्तान निर्माण दल' बनाया है। उन्होंने इस मौके पर अपनी पार्टी के 38 उम्मीदवारों की सूची भी जारी की।