राजकीय इंटर कॉलेज से पढ़ाई पूरी कर चुके प्रतापगढ़ निवासी नीलकमल सिंह का सपना दस वर्ष बाद पूरा हुआ।
इन वर्षों में वह लगातार कौन बनेगा करोड़पति की हॉट सीट पर बैठने की तैयारी करते रहे। सात साल पहले एक मौका मिला भी, लेकिन किस्मत ने साथ नहीं दिया।
मोबाइल स्टोर चलाने वाले नीलकमल रविवार को केबीसी की हॉट सीट पर बैठकर महानायक अमिताभ बच्चन के सवालों का जवाब देंगे। केबीसी की शूटिंग से लौटकर घर पहुंचे नीलकमल ने ‘अमर उजाला’ से अपने मन की बात साझा की।
युवा उमंग किताब निकालने की ख्वाहिश
नील बताते हैं कि 18 साल पहले ‘बाल उमंग’ नाम की पत्रिका निकालते थे, जिसकी करीब 100 प्रतियां छापीं। अब केबीसी जीतकर आया हूं, इसलिए युवा उमंग नाम से मासिक पत्रिका निकालूंगा।
उन्होंने बताया कि 300 से अधिक किताबों की लाइब्रेरी तैयार की है और प्रतियोगी परीक्षाओं की पत्रिकाएं पढ़ने का शौक है। वह चाहते हैं कि बिग बॉस में शामिल होने का मौका मिल जाए। दूसरे प्रतियोगियों के रवैये को भी वह खूब सराहनीय बताते हैं।
जब खत्म हो गईं लाइफलाइन
बताते हैं कि जब सारी लाइफलाइन खत्म हो गई तो अमिताभ ने पूछा अब तुम्हारे पास क्या है तो मैंने जवाब दिया ‘मेरे पास मां है’ जवाब सुनते ही वे ठहाके लगाकर हंसने लगे।
उन्होंने बताया कि सात साल पहले भी केबीसी में जाने का मौका एयरटेल की तरफ से मिला था, लेकिन ऐन मौके पर दूसरे को भेज दिया गया। नीलकमल सिंह ने बताया कि रितिक रोशन पसंदीदा स्टार हैं और अपनी सफलता का श्रेय फेसबुक व धर्मपत्नी रंजना सिंह को देते हैं।