अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा समारोह ने वेडिंग इंडस्ट्री में जान डाल दी है। गोवा और जिम कार्बेट ही नहीं अब लोग ऋषिकेश, वाराणसी और अयोध्या में भी शादियां प्लान कर रहे हैं। थीम पर सनातन और भगवा प्रभाव दिख रहा है। कोई इसे रामोत्सव नाम दे रहा है तो कोई गंगा आरती। कहीं दोनों को मिलाकर इसका फ्यूजन किया जा रहा है। एक बार फिर से छोटी नहीं भव्य शादियां चलने में हैं। एक वेडिंग प्लानर के मुताबिक, शहर में एक स्थान पर बीते दस दिनों से सजावट शुरू हो गई है जबकि शादी दस दिन बाद है। ऐसे में इसकी भव्यता का अंदाजा लगाया जा सकता है। शादी उद्योग में आए इस सकारात्मक बदलाव को लेकर पेश है एक रिपोर्ट...
अयोध्या, ऋषिकेश और काशी डेस्टिनेशन वेडिंग के नए केंद्र
14 फरवरी को गंगा आरती पर शादी की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटीं वेडिंग प्लानर हर्षिता विजय कहती हैं कि बीते कुछ समय तक लोग जयमाल के दौरान बजते अंग्रेजी गाने, आर्काइड के फूलों की थीम, गोवा और जिम कार्बेट के मोह से बंधे थे।
ये भी पढ़ें - किसान आंदोलन: अखिलेश यादव बोले- किसानों पर आंसू गैस के गोलों की बौछार, ये कैसा अमृतकाल... धिक्कार है
ये भी पढ़ें - राज्यसभा चुनाव: जया बच्चन सहित सपा के तीनों उम्मीदवारों ने दाखिल किया नामांकन, अखिलेश-शिवपाल रहे मौजूद
- अब क्लाइंट को सनातन पर आधारित कुछ चाहिए। अयोध्या, ऋषिकेश और काशी डेस्टिनेशन वेडिंग के नए केंद्र हैं। कुछ दिन पहले तक एक साथ कई फंक्शन कर समारोह को छोटा किया जाने लगा था, लेकिन फिर से सब कुछ कई दिन के हिसाब से प्लान हो रहा है।
शादियों के आगामी सीजन के लिए डिजाइन कर रहे
- वेडिंग इंडस्ट्री से जुड़े प्रसून और नेहा माथुर कहती हैं कि हम लोग सनातन थीम को डिजाइन कर रहे हैं।
- इवेंट मैनेजमेंट-पीआर कंसल्टेंट पवन शर्मा कहते हैं कि दरअसल बीते दिनों छोटी शादियां हो रही थीं, वेडिंग प्लानर के लिए उसे करना महंगा पड़ रहा था, इसलिए हाथ खींच लिया था। एक बार फिर से भव्य शादियों का दौर लौटा है। हम लोग भी उसी हिसाब से सबकुछ कर पा रहे हैं।
एक माह पहले तक बदलती है डिजाइन
तरुण धमेजा कहते हैं कि शादियों में स्टेज की तैयारी अंत समय तक चलती है। हम एक माह पहले तक उसे नया स्वरूप देने के अवसर लेकर चलते हैं। कहा कि शादी-समारोह इस वक्त पूरी तरह से भगवामय है, निश्चित तौर पर दुल्हा-दुल्हन के प्रवेश पर भी इसका असर दिखेगा।
मंदिर थीम के लिए बड़ी जगह की मांग
वेडिंग प्लानर हामिद हुसैन कहते हैं कि हाल ही में मार्च में एक शादी प्लान है, जिसकी थीम राम मंदिर पर आधारित है। लॉन वाली शादियों की मांग फिर से बढ़ने लगी है। इसका कारण है कि मंदिर की थीम को पूरी तरह से साकार करने में बड़ी जगह की जरूरत होती है। शहर में छोटे-बड़े लॉन की संख्या 60 के आसपास है। बड़े बजट, बड़ी शादी से निश्चित तौर पर कारोबार बढ़ेगा।