प्रमोट हुए छात्र दोबारा नहीं देंगे परीक्षा
लविवि ने एलएलबी छात्रों को लेकर साफ की स्थिति
लखनऊ विश्वविद्यालय के अंतिम वर्ष को छोड़कर अन्य वर्ष के एलएलबी के विद्यार्थियों को प्रमोशन पाने के बाद दोबारा परीक्षा नहीं देनी होगी। लविवि के अनुसार, आठ जून को बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने गाइडलाइन जारी करके अंतिम वर्ष को छोड़कर अन्य विद्यार्थियों को प्रमोट करने और स्थिति सामान्य होने पर दोबारा परीक्षा कराने को कहा था। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट का अंतिम वर्ष की परीक्षा कराने संबंधी निर्देश आया है। लविवि ने साफ किया है कि जिन विद्यार्थियों को प्रमोट किया जा चुका है, उन्हें दोबारा परीक्षा नहीं होगी।
कोरोना की वजह से इस साल केवल अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों की ही परीक्षा हुई है। यूजीसी ने कोरोना के चलते गाइडलाइन में पहले बिना परीक्षा के ही प्रमोशन की बात कही थी। बाद में अंतिम वर्ष की परीक्षा को अनिवार्य बताते हुए गाइडलाइन में संशोधन किया था। इसके बाद कई राज्य सरकारों ने परीक्षा कराने से मना किया था। मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा था। कोर्ट ने यूजीसी के पक्ष में निर्णय देते हुए कहा था कि राज्य परीक्षा कराने से मना नहीं कर सकते। इससे पहले बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने एलएलबी को लेकर अपनी गाइडलाइन जारी की थी। इसके अनुसार एलएलबी के विद्यार्थियों की अगले सेमेस्टर की पढ़ाई के लिए उन्हें फिलहाल प्रमोट कर दिया जाए और स्थिति सामान्य होने पर उनकी परीक्षा भी कराई जाए।
राजधानी के लोहिया विधि विवि ने इसके आधार पर विद्यार्थियों को प्रोविजनली प्रमोट किया है। विवि की एकेडमिक काउंसिल में पास प्रस्ताव के अनुसार, बाद में विद्यार्थियों को परीक्षा भी देनी होगी। इस फैसले के बाद लविवि से सहयुक्त लॉ कॉलेज व विधि छात्रों में काफी उहापोह की स्थिति है। प्रमोशन के बाद उन्हें परीक्षा देनी होगी या नहीं, इसपर तमाम शंकाएं हैं। लविवि ने एलएलबी अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों की परीक्षा कराने तथा अन्य विद्यार्थियों को प्रमोट करने का फैसला किया है। यह भी साफ किया है कि इन विद्यार्थियों को दोबारा परीक्षा नहीं देनी होगी।
आधार अंक देकर किया जा रहा प्रमोट
बार काउंसिल की गाइडलाइन सुप्रीम कोर्ट के निर्णय से पहले की है। एलएलबी अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों की परीक्षा हो चुकी है। बाकी को आधार अंक देकर प्रमोट किया जा रहा है। प्रमोशन के बाद उन्हें दोबारा परीक्षा नहीं देनी होगी।
- प्रो. आनंद मुरारी सक्सेना, परीक्षा नियंत्रक, लविवि