केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने पहली बार चुनकर आए विधायकों को काम करने की नसीहत दी है।
उन्होंने बृहस्पतिवार को कहा कि हर बार चुनाव में लहर नहीं होती, इसलिए पहली बार चुने गए विधायकों को न सिर्फ क्षेत्र की जनता से ज्यादा घुलना-मिलना चाहिए, बल्कि 4 या 6 या उससे ज्यादा बार जीते सदस्यों से संवाद भी बढ़ाना चाहिए।
छवि निर्माण (परसेप्शन मैनेजमेंट) पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए, ताकि वे भी बार-बार चुनकर सदन में पहुंच सकें। जावड़ेकर विधानभवन के तिलक हॉल में पहली बार चुने गए विधायकों को संबोधित कर रहे थे।
जनता के लिए सबकी जिम्मेदारी एक समान
केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने पहली बार चुने गए विधायकों को छोटी-छोटी बातों को विशेषाधिकार का मामला न बनाने की नसीहत दी।
लखनऊ के विधानभवन के तिलक हॉल में पहली बार चुने गए विधायकों को संबोधित करते हुए जावड़ेकर ने बृहस्पतिवार को कहा कि चुनाव में निर्णायक वे मतदाता होते हैं, जो कभी प्रत्याशी से नहीं मिलते।
उनके निर्णय लेने में आपकी छवि ही काम आती है, जिसके लिए सोशल मीडिया का बेहतर ढंग से इस्तेमाल किया जा सकता है। सत्तापक्ष हो या विपक्ष, सभी सदस्य एक ही शपथ लेते हैं, इसलिए जनता के प्रति हम सबका दायित्व भी एक समान है।