प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने पार्टी की पहली कार्यकारिणी बैठक में कहा कि सपा-बसपा का गठबंधन स्वार्थहित में किया गया है। इसका हश्र चुनाव परिणाम में देखने को मिलेगा। जिन लोगों को गठबंधन का अहंकार है वह जल्द ही चकनाचूर हो जाएगा।
बैठक में पार्टी का आर्थिक व राजनैतिक प्रस्ताव पास हुआ, जिसका सभी सदस्यों ने समर्थन किया। शिवपाल ने कहा कि सपा-बसपा गठबंधन बेमेल है। सच तो ये है कि बसपा सुप्रीमो मायावती ने कभी समाजवादी पार्टी का सम्मान ही नहीं किया। बसपा राज में समाजवादियों पर जुर्म बढ़ गए थे।
उन्होंने कहा कि हमारे सामने बड़ी कठिन चुनौतियां हैं लेकिन पिछले तीन महीनों में हमने जैसे पार्टी खड़ी की है। उससे हमने खुद को साबित किया है। बैठक में पूर्व रक्षा मंत्री जॉर्ज फर्नांडिस को श्रद्घांजलि दी गई।