लखनऊ। खजुआ इलाके में रविवार सुबह ट्रांसफार्मर से तेल रिसने के कारण करीब डेढ़ घंटे तक बिजली बंद रही। इसी प्रकार चारबाग के एपी सेन रोड, गोमतीनगर के विरामखंड में भी फॉल्ट के कारण बिजली गुल रही।
उपकेंद्र कर्मियों ने बताया कि ट्रांसफार्मर से तेल रिसने के कारण किसी भी समय उसके क्षतिग्रस्त होने का अंदेशा था। इसीलिए सुबह 11 बजे 1000 केवीए व 400 केवीए के दो ट्रांसफार्मर की बिजली बंद कर मरम्मत की गई। इसके कारण 500 से ज्यादा परिवारों व दुकानदारों को दोपहर 12:30 बजे तक बिजली संकट से झेलना पड़ा।
वहीं, जीटीआई उपकेंद्र के तहत एपी सेन रोड फीडर में सुबह 11:05 बजे अचानक तेज धमाका हुआ। इससे इलाके की बिजली बंद हो गई। कर्मियों ने मौका मुआयना किया तो पाया कि एक अपार्टमेंट की लाइन का फ्यूज उड़ने के कारण पूरे इलाके की बिजली गुल हुई थी। इसी प्रकार, गोमतीनगर के विरामखंड में केबल में फॉल्ट के कारण 250 केवीए का ट्रांसफार्मर प्रभावित हुआ। यहां करीब आधे घंटे में वैकल्पिक स्रोत से बिजली चालू कर दी गई। एफसीआई उपकेंद्र के कई इलाकों में भी रविवार को आपूर्ति में व्यवधान आया।