लखनऊ। यूपीआईएल उपकेंद्र के रानीगंज मोहल्ले में शुक्रवार रात दो बजे से शनिवार सुबह 10 बजे तक 600 परिवारों की बिजली आठ घंटे गुल रही। इस पर लोगों ने फॉल्ट स्थल पर हंगामा भी किया।
अधिशासी अभियंता आनंद प्रकाश वर्मा ने बताया कि भूमिगत केबल में खराबी के कारण यह समस्या हुई। रानीगंज के आधे हिस्से को दूसरे स्रोत से बिजली मिली। शेष 600 घरों की आपूर्ति सुबह 10 बजे तक बहाल हो सकी। फॉल्ट के चलते छह अन्य उपकेंद्रों की बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। हालांकि, ये उपकेंद्र दूसरे स्रोत से जल्द चालू हो गए।
इसके अलावा, घंटाघर उपकेंद्र के मोहनीपुरवा, क्लाईड रोड के एलडीए और हनुमान सेतु उपकेंद्र से हलवासिया मार्केट की आपूर्ति भी बाधित हुई। प्रियदर्शिनी, न्यू कैंपस, इंदिरा भवन, अंबेडकर पावर हाउस, सर्वोदयनगर और नूरबाड़ी उपकेंद्र की 33 केवी आपूर्ति में भी बाधा आई। गोमती नगर के वास्तुखंड 1/366 में एबीसी में आग से शुक्रवार रात 9:40 से 10:40 बजे तक आपूर्ति ठप रही। त्रिवेणीनगर के अलहुदा स्कूल के पास ट्रांसफार्मर खराबी से शनिवार सुबह 5 से 8 बजे तक संकट रहा। अमीनाबाद के चरसमंडी, फतेहगंज, गल्लामंडी और हरिनगर दुगांवा में भी शनिवार सुबह 7:30 से 9:05 बजे तक बिजली संकट रहा।
यहां भी बिजली कटौती
तकनीकी कार्य कराए जाने के कारण शनिवार को आईआईएम रोड उपकेंद्र से जुड़े भुड़पुरवा गांव, खलेकपुरवा सहित आसपास क्षेत्र की बिजली आपूर्ति करीब दो घंटे के लिए बंद रही। दोपहर 1:45 बजे से 2:45 बजे तक घैला गांव और डेंटल कॉलेज क्षेत्र की बिजली भी बंद रही। मुतक्कीपुर गांव में 400 केवीए ट्रांसफार्मर के मेंटेनेंस के चलते तीन घंटे तक आपूर्ति प्रभावित रही। जीपीआरए उपकेंद्र से जुड़े कुर्सी रोड फीडर पर सुबह करीब 7:30 बजे सीता लॉन के पास बिजली का तार टूटने से आपूर्ति बाधित हो गई। न्यू कैंपस लखनऊ विश्वविद्यालय उपकेंद्र से जुड़े शुक्ला चौराहा क्षेत्र में 250 केवीए ट्रांसफार्मर पर एबीसी केबल खींचने का कार्य किया गया।