बिजली के लिए आलमबाग में प्रदर्शन करतीं महिलाएं।
लखनऊ। सहादतगंज के नूरबाड़ी उपकेंद्र क्षेत्र में बृहस्पतिवार देर रात दो बजे 400 केवीए का ट्रांसफार्मर फुंक गया। इससे 200 से अधिक परिवारों को भीषण गर्मी में करीब साढ़े सात घंटे तक बिना बिजली जूझना पड़ा। लापरवाही का आलम यह रहा कि रात में जेई नरेंद्र मौर्या, एसडीओ गुलरेज अली और एक्सईएन रमन ने कर्मचारियों के फोन तक नहीं उठाए। इससे गुस्साए स्थानीय निवासियों ने रात 2:30 बजे 50 मीटर दूर उपकेंद्र का घेराव कर बिजली कर्मियों को बंधक बना लिया।
उपभोक्ताओं ने रात में ही उपकेंद्र परिसर में धरना शुरू कर दिया। कंट्रोल रूम के अंदर मौजूद कर्मचारियों को सुबह 5:30 बजे तक बाहर नहीं निकलने दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बीच-बचाव कर कर्मचारियों को सुरक्षित रखा। सुबह 6 बजे जब पुलिस ने खुद एसडीओ को कड़ी फटकार लगाई, तब जाकर ट्रॉली ट्रांसफार्मर का इंतजाम शुरू हो सका। आखिरकार शुक्रवार सुबह 9:30 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।
उच्च अधिकारियों से छिपाई घटना
क्षेत्रीय इंजीनियरों ने इतनी बड़ी घटना को दबाए रखा और शुक्रवार सुबह तक अधीक्षण अभियंता केके चौधरी व मुख्य अभियंता रवि कुमार अग्रवाल को इसकी भनक तक नहीं लगने दी। मीडिया और उच्च स्तर से जानकारी मिलने पर अधीक्षण अभियंता ने एक्सईएन रमन से रिपोर्ट तलब की। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि नूरबाड़ी उपकेंद्र क्षेत्र में चार दिनों में यह दूसरा बड़ा ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुआ है। इससे पहले 1000 केवीए का ट्रांसफार्मर फुंका था।
बिजली कटौती के विरोध में प्रदर्शन
आलमबाग नटखेड़ा रोड इलाके के उपभोक्ताओं ने लो वोल्टेज और सुबह 11 से शाम 6 बजे तक सात घंटे बिजली कटौती के विरोध में शुक्रवार सुबह चंदननगर उपकेंद्र पहुंचकर बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। महिलाओं ने बताया कि वे पिछले कुछ माह से लो वोल्टेज से परेशान थे, अब बिजली कटौती की भी मार झेलनी पड़ रही है। व्यापारी मनीष अरोड़ा ने अधिशासी अभियंता से बात की, मगर संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो उपभोक्ता प्रदर्शन करने पहुंच गए। अधिशासी अभियंता कृष्णानंद ने जब कर्मचारियों को भेजकर कार्य शुरू कराया, तब प्रदर्शन समाप्त हुआ।
लखनऊ। आलमबाग नटखेड़ा रोड इलाके के उपभोक्ताओं ने लो वोल्टेज और सुबह 11 से शाम 6 बजे तक सात घंटे बिजली कटौती के विरोध में शुक्रवार सुबह चंदननगर उपकेंद्र पहुंचकर बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। महिलाओं ने बताया कि वे पिछले कुछ माह से लो वोल्टेज से परेशान थे, अब बिजली कटौती की भी मार झेलनी पड़ रही है। व्यापारी मनीष अरोड़ा ने अधिशासी अभियंता से बात की, मगर संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो उपभोक्ता प्रदर्शन करने पहुंच गए। अधिशासी अभियंता कृष्णानंद ने जब कर्मचारियों को भेजकर कार्य शुरू कराया, तब प्रदर्शन समाप्त हुआ। (माई सिटी रिपोर्टर)