लखनऊ। गोमतीनगर के विनयखंड में शनिवार को बिजली लाइन पर पेड़ गिरने से तार टूट गए। वहीं, केबल में आग लगने से भी बिजली गुल हो गई।
विश्वासखंड उपकेंद्र के पंचवटी फीडर इलाके में सुबह चार बजे विनयखंड चार मिनी स्टेडियम के पास पेड़ गिर गया। इससे 630 केवीए के ट्रांसफार्मर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। कर्मियों ने पेड़ हटाकर दो घंटे बाद बिजली बहाल की। वहीं, विपिनखंड उपकेंद्र के विपुलखंड के पास केबल में आग लगने से विपुलखंड एक से तीन, अंबेडकर चौराहा और अवध अपार्टमेंट की बिजली एक घंटे तक प्रभावित रही। एचएएल उपकेंद्र पर सुबह 9:30 से 11 बजे तक इमरजेंसी शटडाउन के कारण सभी फीडर 15 से 30 मिनट तक बंद रहे।
कौए से 50 गांवों की बिजली ठप
समेसी उपकेंद्र के बहरौली फीडर की हाईटेंशन लाइन पर एक कौआ चिपक गया, जिससे सुबह 6:30 से 9 बजे तक 50 गांवों की बिजली ठप रही। अवर अभियंता आशीष कुमार ने बताया कि हुसैनाबाद पेट्रोल पंप के पास यह घटना हुई। प्रभावित गांवों में बहरौली, हुसैनाबाद, अनैया खरगापुर, बजगहिया, हरदोईया, रामपुर, चोरहापुर, घोड़सारा, भवानी बक्स का पुरवा, सिंहई का पुरवा, नई बस्ती, नेहरू नगर, भदुआ, बड़ेहा, भोला का पुरवा, मोदीनगर और गंगागंज शामिल थे।
यहां भी रही परेशानी
- अहिबरनपुर उपकेंद्र के बागशाहजी फीडर में फॉल्ट से एक घंटे संकट।
- राजभवन खंड के कालीदास मार्ग, अहिमामऊ अर्जुनगंज, इंदिराभवन उपकेंद्र इलाके में।
- भीखमपुर उपकेंद्र, हनुमान सेतु उपकेंद्र के हबीबुल्ला एस्टेट, रतनखंड उपकेंद्र के रविखंड में।