आशियाना के पावर हाउस चौराहा का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। वहां पर फौव्वारा लगाया जाएगा। इसके अलावा राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के पास स्थित जर्जर नाले को तोड़कर फिर से नया बनाया जाएगा। आलमबाग क्षेत्र में सीवर लाइन बिछाने के कारण खुदी सड़कों की मरम्मत का काम भी जल निगम जल्द करेगा। यह निर्देश बृहस्पतिवार को नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने दिए।
वह महापौर संयुक्ता भाटिया के साथ बृहस्पतिवार को जोन पांच व आठ में आने वाले इलाकों का निरीक्षण करने पहुंचे थे। उन्होंने पकरी पुल के आसपास, आशियाना, सुजानपुरा आलमबाग, स्नेह नगर, छोटा बरहा, बड़ा बरहा आदि क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान कई जगह गंदगी और टूटे सीवर मैनहोल के ढक्कन देख उन्होंने नाराजगी जताई। इस दौरान सिंधी समाज के लोगों ने पावर हाउस चौराहे का सौंदर्यीकरण कराए जाने की मांग रखी। इसपर नगर आयुक्त ने मुख्य अभियंता महेश वर्मा को सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव बनवाकर काम शुरू कराने को कहा।
जल निगम से लिया जाएगा रोड कटिंग का पैसा
महापौर ने कहा कि जल निगम से रोड कटिंग का पैसा लिया जाएगा और नगर निगम सड़क बनाएगा। इसे लेकर सदन में प्रस्ताव लाकर पास किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान लोगों ने बताया कि सड़क न बनाए जाने से लोग चोटिल हो रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने किला मोहम्मदी ड्रेन एसटीपी का पाइप खोलने का निर्देश दिया। क्षेत्रीय पार्षद कौशलेंद्र द्विवेदी ने महापौर का बताया कि यह पाइप खोल दिया जाएगा तो जलभराव नहीं होगा। स्नेह नगर में मैनहोल के कई जगह ढक्कन खुले और टूटे मिले। इसे लेकर महापौर ने इंजीनियर को कड़ी फटकार लगाई और उसे ठीक कराने के निर्देश दिए।