फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lucknow News: हर घंटे बिजली कटौती, उपभोक्ताओं की रात की नींद उड़ी

विज्ञापन
विज्ञापन
बाराबंकी। बिजली आपूर्ति दिन ब दिन बेपटरी होती जा रही है और कटौती थम नहीं रही है। इससे रात में उपभोक्ताओं की नींद उड़ गई है। कहीं लो वोल्टेज तो कहीं लोकल फाॅल्ट से लोग परेशान हो रहे हैं। खराबी तत्काल ठीक करने में जिम्मेदार रुचि नहीं ले रहे। इससे समस्या बढ़ रही है।
विज्ञापन


शनिवार रात को शहर में लगभग हर घंटे बाद 10-15 मिनट की कटौती की गई। इससे जिनके घरों में इनवर्टर नहीं लगे हैं, वे उपभोक्ता रात को सो नहीं सके। अभय नगर कांशीराम कॉलोनी निवासी राजेश, मालती, माधव, सुमिरन आदि ने बताया कि बिजली के आने-जाने का कोई निर्धारित समय नहीं रहा। कंपनीबाग, नेहरू नगर, आजाद नगर, दशहराबाग समेत लगभग पूरे शहर में यह समस्या बनी रही।
पांच घंटे में जुड़ा तो जल गया फीडर

जैदपुर क्षेत्र में शनिवार शाम छह बजे चांदपुरवा के पास एचटी लाइन का तार टूटने से जैदपुर कस्बा समेत करीब तीन सौ गांवों की बिजली बाधित हो गई। तार जोड़ने में पांच घंटे का समय लग गया। रात 11 बजे तार जोड़ा गया तो बिजली आई, लेकिन रात डेढ़ बजे पावर हाउस में जैदपुर कस्बे का फीडर जल गया। इससे बनाने में भी काफी समय लगा। रविवार को दिन में भी कई बार बिजली कटी।
विज्ञापन

आपूर्ति बंद कर पानी से ठंडे कर रहे ट्रांसफार्मर

सिरौलीगौसपुर विद्युत उपकेंद्र पर रविवार को प्रचंड गर्मी से पांच एमबीए के तीन ट्रांसफार्मर भी गर्मी में हांफते दिखे। बिजली आपूर्ति कई बार बंद कर ट्रांसफार्मरों पर पानी डालकर उन्हें ठंडा किया गया। वहीं, बार-बार कटौती से लोग परेशान दिखे।
10 घंटे बाधित रही बिजली

कोटवाधाम विद्युत उपकेंद्र से आपूर्ति में करीब 10 घंटे की कटौती से लोग परेशान हैं। उपकेंद्र से जुड़ी 65 गांवों की करीब सवा दो लाख की आबादी प्रभावित हो रही है। शनिवार रात पहले आठ बजे से सवा नौ बजे तक, फिर 10 बजे से 11 बजकर 40 मिनट तक कटौती की गई। आधी रात के बाद सुबह तक तीन बार बिजली थोड़ी-थोड़ी देर के लिए कटी।
हल्की बारिश में फुंका केबल बाॅक्स

रविवार की भोर करीब तीन बजे हल्की बारिश से रामसनेहीघाट क्षेत्र में केबल बॉक्स फुंक गया। इससे बाधित हुई बिजली दोपहर एक बजे बहाल हुई। करीब 10 घंटे तक उपभोक्ता परेशान रहे। रामसनेहीघाट के एसडीओ राजवीर सिंह ने बताया कि केबल बॉक्स ठीक करने के कारण सुबह से एक बजे तक बिजली कटी। रात के रोस्टर में बदलाव जल्द किया जाएगा।
लोड ज्यादा होने से लो-वोल्टेज

विद्युत उपकेंद्र सिरौली गौसपुर पंजरौली गांव में 25 केवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर पर 1200 की आबादी वाले गांव के अतिरिक्त चौराहे पर बने मकानों में करीब 40 उपभोक्ताओं ने दो किलोवाट के कनेक्शन ले रखे हैं। गांव के शिवकुमार, पृथ्वी पाल, राम सिंह व रामहेत ने बताया कि लोड ज्यादा होने से लो-वोल्टेज की समस्या बनी रहती है।
सआदतगंज क्षेत्र में भी रही परेशानी

रामनगर डिविजन के सआदतगंज क्षेत्र में बिजली कटौती से लोग तिलमिला उठे। शनिवार रात व रविवार को दिन में अघोषित कटौती की गई है। कटौती का रोस्टर सुबह नौ से 12 तक व दोपहर ढाई बजे से शाम छह बजे तक है, लेकिन शाम व रात में तीन-चार घंटे की इमरजेंसी कटौती की जाती है। कुर्सी विद्युत उपकेंद्र से शनिवार रात में बाबागंज व मदरास फीडर की विद्युत आपूर्ति कई घंटे बाधित रही। रात 11:30 बजे बिजली चली गई और रविवार सुबह 10 बजे आई। इससे लोग परेशान रहे। हरख उपकेंद्र के मोहना से जुड़े करीब सौ गांवों में शाम छह बजे से रात साढ़े 10 बजे तक बार-बार कटौती से लोग परेशान रहे। रात 11:10 बजे बिजली आपूर्ति की गई, लेकिन रात दो बजे तेज हवा के चलते फिर लाइट कट गई और रविवार सुबह 7:30 बजे आई। नगर पंचायत सतरिख में भी रात ढाई बजे से बिजली बाधित रही। सूरतगंज क्षेत्र के पांच फीडरों से जुड़े गांवों में लो-वोल्टेज से डेढ़ लाख उपभोक्ता परेशान हैं। रामनगर क्षेत्र के मधवाजलालपुर, रानीगंज, जोगामऊ, बंजरिया में भी लो-वोल्टेज है।
पूरे दिन नहीं रही बिजली

रविवार को हैदरगढ़ ग्रामीण उपकेंद्र के त्रिवेदीगंज फीडर से जुड़े त्रिवेदीगंज, सोनिकपुर, बबुआपुर सहित अन्य गांवों में सुबह दस बजे से शाम तक बिजली नहीं रही। भिलवल उपकेंद्र से जुड़े गांवों में बिजली कटौती व लो-वोल्टेज से लोग परेशान दिखे। सुबेहा, देवीगंज व असंद्रा क्षेत्र में इमरजेंसी कटौती से किसानों की सिंचाई भी प्रभावित हो रही है।


बॉक्स-
बिजलीकर्मियों को मिले सुरक्षा उपकरण

कुर्सी (बाराबंकी)। उपखंड कुर्सी के 149 विद्युतकर्मियों को लाइनों पर कार्य करने के लिए सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए। इस मौके पर एसडीओ कुर्सी सर्वेश कुमार पाल व जेई विकास शुक्ला मौजूद रहे। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें