निगोहां। मस्तीपुर गांव में शनिवार रात तेज रफ्तार अज्ञात वाहन आम लदे पिकअप में पीछे से जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप के पिछले के दोनों पहिये निकल गए और आग लग गई।
रायबरेली के लोहनीपुर बरुवा निवासी चालक सोमिल ने कूदकर जान बचाई। तभी तेज धमाके के साथ पिकअप का डीजल टैंक फट गया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से एक घंटे में आग पर काबू पाया।
सोमिल के मुताबिक, शनिवार रात करीब 11 बजे वह बिजनौर के चंद्रावल से पिकअप में आम लादकर रायबरेली जा रहे थे। निगोहां के मस्तीपुर गांव के पास अज्ञात वाहन उनके पिकअप में पीछे से जा घुसा। इसके बाद आरोपी चालक वाहन लेकर भाग निकला। उधर, पहिये निकलने से अनियंत्रित हुआ पिकअप काफी दूर तक घिसटता चला गया और उसमें आग लग गई।
यह देख सोमिल पिकअप से कूद गए। उधर, पिकअप का डीजल टैंक फटने से ग्रामीण व राहगीर दहल उठे। मौके पर अफरातफरी मच गई। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से आग बुझानी शुरू की। थानाध्यक्ष अनुज तिवारी के मुताबिक सोमिल के तहरीर देने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।